Gwalior News : सराफा कारोबारी भाजपा नेता मुक्तेश जैन पर रेप का केस दर्ज। पीड़िता को निर्वस्त्र कर घुमाने की धमकी देने का वीडियो भी वायरल हुआ। महिला ने शादी का झांसा देकर 5 साल दैहिक शोषण करने का आरोप लगाया।
Gwalior News :मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सर्राफा कारोबारी और भाजपा नेता पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी का नाम मुक्तेश जैन बताया जा रहा है। यही नहीं, आरोपी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी भाजपा नेता पीड़िता को निर्वस्त्र कर घुमाने का धमकी देता दिखाई दे रहा है। दर्ज एफआईआऱ के अनुसार, महिला का आरोप है कि, शादी का झांसा देकर मुक्तेश जैन ने कई साल उसका दैहिक शोषण किया और अब शादी से इंकार कर दिया। कारण पूछने पर निर्वस्त्र कर घुमाने की धमकी दी है। बता दें कि, दो दिन पहले रविवार को भी एमपी के सतना में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष के खिलाफ रेप केस में FIR दर्ज हुई है।
इस संबंध में ग्वालियर सीएसपी रोबिन जैन ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा, शहर के ग्वालियर थाने में महिला ने कारोबारी और नेता मुक्तेश जैन के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि, 31 मई को आरोपी मुक्तेश उसके घर आया। यहां उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता सोने-चांदी की दुकान चलाती है। इसी के चलते उसकी पहचान मुक्तेश से हुई। उधार लेनदेन के दौरान अधिक बातचीत होने लगी थी, जिसका लाभ आरोपी ने उठाया है।
इसके बाद दोनों में पहचान बढ़ी। यहां आरोपी की बातों में आकर उनके बीच शारीरिक संबंध बन गए। ये सिलसिला पिछले 5 साल जारी रहा। बीते दिनों शादी के वादे के संबंध में सवाल पूछने पर भाजपा नेता मुक्तेश जैन भड़क उठा और पीड़िता को निरवस्त्र कर सड़क पर घुमाने की धमकी दे दी। इसी धमकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फिलहाल, केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
बता दें कि, इससे पहले रविवार को सतना जिले में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ है। पीड़िता का आरोप है कि, उसके पति को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया है। पहले महिला लंबे समय न्याय के लिए भटकती रही, लेकिन इंसाफ न मिलने पर उसने एक वीडियो जारी कर आत्महत्या करने की धमकी दी। तब कहीं जाकर पुलिस ने मामला दर्ज किया। हालांकि, दुष्कर्म के आरोप लगने के बाद ही भाजपा ने सतीश शर्मा को पद से हटाने के साथ पार्टी से उनकी सदस्यता रद्द कर दी थी।