ग्वालियर

एमपी में पड़ेगी हाड़ कंपाने वाली ठंड, मौसम विभाग ने जारी किया कोहरे का अलर्ट

MP Weather Alert : दिन व रात के तापमान में गिरावट आने से सर्दी बढ़ेगी। चार दिनों तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
2 min read
mp weather alert

MP Weather Alert : राजस्थान में बना चक्रवातीय घेरा कमजोर पड़ गया है, इससे शनिवार को बारिश थम गई। लेकिन देर शाम मौसम में अचानक बदलाव आ गया और कोहरे ने शहर की घेराबंदी कर ली। सर्द हवा चलने से अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इससे सर्दी बढ़ गई। शहर में 1.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट के आसार जताए हैं। दिन व रात के तापमान में गिरावट आने से सर्दी बढ़ेगी। चार दिनों तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन सिस्टम से प्रभावित हुआ मौसम

● उत्तरी पाकिस्तान पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। दक्षिण हरियाणा के पास चक्रवातीय घेरा बना हुआ था। इससे अरब सागर से हवा आ रही थी। बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है।

उत्तर भारत में क्षोभ मंडल में 206 किमी प्रतिघंटा की गति से जेट स्ट्रीम हवा चल रही है। गुजरात, राजस्थान, पंजाब तक ट्रफ लाइन गुजर रही है।

● इन सभी सिस्टम की वजह से शहर का मौसम बिगड़ गया था। 29 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच सिस्टम नहीं है। इस कारण सर्दी बढ़ेगी। कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य रह सकती है।

1 जनवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ आएगा। इसके सक्रिय होने पर कश्मीर से आने वाली बर्फीली हवा थम जाएगी।

दोपहर को बदला मौसम...

पूर्वी व पश्चिमी हवा के टकराने से बीते दिन हल्की बारिश हुई। बादल छाने व बारिश के कारण न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 8.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। लेकिन दोपहर को चक्रवातीय घेरा पूर्वी व मध्य हिस्से की ओर जाने की वजह से शाम को मौसम बदल गया और सर्द हवा ने सर्दी बढ़ा दी।

Published on:
29 Dec 2024 09:47 am