
विजयपुर। जनपद की सभी पंचायतों और कस्बा क्षेत्र में बिजली और पानी की समस्या का समाधान अगले 24 घंटे में हो जाना चाहिए। जिला स्तर पर समस्या निराकरण के लिए जो कंट्रोलरूम बनाया गया है, वहां से शिकायत की सूचना आए तो उसको भी तुरंत निराकृत किया जाए। यह निर्देश कलेक्टर शिवम वर्मा ने खंड स्तरीय बैठक में अधिकारियों को दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अतेंद्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर डॉ अनुज कुमार रोहतगी, एसडीएम नीरज शर्मा, एसडीओपी निर्भय सिंह अलावा, सीईओ जनपद अभिषेक त्रिवेदी, तहसीलदार अर्जुन सिंह भदौरिया सहित एमपीईबी, पीएचई, नगरपालिका, महिला बाल विकास, शिक्षा आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
यह दिए निर्देश
-अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के स्कूल और आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण करके एमडीएम, पोषण आहार वितरण, बिजली-पानी आदि व्यवस्थाओं को देखें।
-स्कूलों के आसपास हो रहे अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई एसडीएम अपने सामने कराएं।
-बीईओ ऐसे स्कूलों की सूची तैयार कराएं जिनके आसपास अतिक्रमण है।
-एमपीईबी के अधिकारी उन आंगनबाड़ी केन्द्रों में कनैक्शन कराएं जहां कनैक्शन कराएं।
-जल जीवन मिशन के कामों के बाद रोड रेस्टोरेशन का काम जल्द कराया जाए।
-बारिश से पहले सभी सड़कों की मरम्मत करवाएं ताकि लोग परेशान न हों।
-27 जून को ग्राम सभाओं का आयोजन कर आयुष्मान कार्ड वितरित कराए जाएं।