
ग्वालियर। मध्यप्रदेश में तेजी से फैल रहे कोरोना के कहर को रोकने के लिए सरकार युद्ध स्तर पर तैयारी कर रही है। दिन रात स्वास्थय विभाग प्रशासन पुलिस और सफाई कर्मचारी की टीम जुटी हुई है। इतनी सख्ती होने के बाद भी कोरोना का कहर अभी भी चंबल संभाग में जारी है। अब तक चंबल में 26 पॉजिटिव मरीज पाए गए हंै। जिनमें 22 लोगों के ठीक होने के बाद उन्हे घर भेज दिया है। भिण्ड जिले में कोरोनावायरस के संक्रमण को रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक नागेंद्र सिंह ने एक अनोखी पहल की है।
उन्होंने प्रदेश के कोरोना हॉटस्पॉट स्थानों से जिले में आए लोगों की सूचना देने वाले को 500 रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है। इतना ही नहीं जिले के लोगों के लिए जारी एक वीडियो संदेश में एसपी ने कहा, "जो भी व्यक्ति कोरोना हॉट स्पॉट शहरों इंदौर,भोपाल और उज्जैन से 10 अप्रैल के बाद जिले में आए हैं, उन लोगों की सूचना एसपी या सीधे कंट्रोल रूम को फोन पर देगा, उसे 500 रुपये का इनाम दिया जाएगा। साथ ही सूचना देने वाले व्यक्ति के पहचान भी उजागर नहीं की जाएगी।
लोग समय पर पुलिस को दें जानकारी
भिण्ड एसपी सिंह ने कोरोना प्रभावित शहरों से जिले में आने वाले लोगों से भी कहा कि अपनी जानकारी प्रशासन को 104 नंबर पर फोन करके दें और अपनी जांच कराएं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि ऐसा नहीं करने पर 24 घंटे के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसलिए सभी लोग इस महामारी से बचने के लिए प्रशासन का साथ दें और समय पर अपनी जाचं करवाए।
कोरोना संक्रमण का एक भी मरीज नहीं
वहीं कलेक्टर छोटे सिंह ने बताया कि जिले में अब तक कोरोना संक्रमण का एक भी मरीज नहीं मिला है। जबकि भिंड के पड़ोसी जिले मुरैना में कोविड-19 के 14 मरीज पाए गए हैं। एसपी सिंह ने कहा कि नकद इनाम देने का फैसला जिले में कोरोनावायरस का संक्रमण रोकने और लोगों को अपनी सुरक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लिया गया है। दोनों ही अधिकारियों ने लोगों से अपने घरों में रहने और प्रशासन का सहयोग देने की भी अपील की है।
चप्पे चप्पे पर पुलिस की नजर
कोरोना वायरस से कहर से पहले से भी जिले से लगी सभी सीमाओं को सील कर दी गई है। साथ ही रविवार को सुबह से ही पुलिस की सख्ती नजर आई। इस दौरान जिले की सभी सीमाओं पर भारी संख्या में पुलिस तैनात कर दी गई है। साथ ही जो भी वाहन आ रहा है उसकी कड़ी चेंकिग करने के बाद ही उसे जाने दिया जा रहा है। इस दौरान शहर के हर चौराहे व चप्पे चप्पे पर पुलिस नजर आई।