सोशल मीडिया पर फर्जी ‘एस्ट्रोलॉजर’ बनकर लोगों की आस्था और परेशानियों का फायदा उठाने वाले एक शातिर ठग को आखिरकार मुरार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह रही कि इस ढोंगी बाबा तक पुलिस किसी साइबर ट्रैकिंग से नहीं, बल्कि एक छात्रा की चाची की सूझबूझ और फिल्मी अंदाज में बिछाए गए जाल के जरिए पहुंची। आरोपी खुद को इंस्टाग्राम पर ‘एस्ट्रोलॉजर शुभम पठान’ बताता था और लोगों को नौकरी, शादी और गृह क्लेश दूर करने का झांसा देकर ठगी करता था। पकड़ा गया आरोपी शकील खान मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है, जो हरिद्वार में बैठकर यह पूरा नेटवर्क संचालित कर रहा था। पुलिस अब उसके फरार दो साथियों की तलाश में जुटी है।
मनपसंद वर और नौकरी का झांसा देकर छात्रा से ठगे लाखों के जेवर, मुरार सब्जी मंडी में पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा
ग्वालियर। सोशल मीडिया पर फर्जी ‘एस्ट्रोलॉजर’ बनकर लोगों की आस्था और परेशानियों का फायदा उठाने वाले एक शातिर ठग को आखिरकार मुरार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह रही कि इस ढोंगी बाबा तक पुलिस किसी साइबर ट्रैकिंग से नहीं, बल्कि एक छात्रा की चाची की सूझबूझ और फिल्मी अंदाज में बिछाए गए जाल के जरिए पहुंची। आरोपी खुद को इंस्टाग्राम पर ‘एस्ट्रोलॉजर शुभम पठान’ बताता था और लोगों को नौकरी, शादी और गृह क्लेश दूर करने का झांसा देकर ठगी करता था। पकड़ा गया आरोपी शकील खान मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है, जो हरिद्वार में बैठकर यह पूरा नेटवर्क संचालित कर रहा था। पुलिस अब उसके फरार दो साथियों की तलाश में जुटी है।
मुरार थाना क्षेत्र के बड़ागांव स्थित मधुवन कॉलोनी में रहने वाली बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा जनवरी 2026 में इंस्टाग्राम चला रही थी। इसी दौरान उसकी नजर ‘एस्ट्रोलॉजर शुभम पठान’ नाम के एक पेज पर पड़ी, जिसमें मनचाहा वर, अच्छी नौकरी और ग्रह दोष दूर करने के दावे किए गए थे। छात्रा ने अपनी परेशानियों का समाधान पाने के लिए आरोपी से संपर्क किया। आरोपी ने छात्रा की कुंडली और राशि में भारी दोष होने की बात कहकर उसे डरा दिया और तांत्रिक पूजा कराने के नाम पर हरिद्वार आने के लिए कहा।
जब छात्रा ने आर्थिक परेशानी बताई, तो आरोपी ने कहा कि पूजा के लिए सोने के जेवर भी चल जाएंगे। इसके बाद आरोपी हरिद्वार से ग्वालियर पहुंचा और छात्रा से दस हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराने के साथ ही सोने की चूड़ी, मांग टीका, चेन और कान के ईयररिंग लेकर फरार हो गया। वारदात के बाद उसने छात्रा का नंबर भी ब्लॉक कर दिया।
घर में जेवर गायब होने पर परिजनों ने जब पूछताछ की, तब छात्रा ने रोते हुए अपनी चाची वैशाली गोयल को पूरी घटना बताई। इसके बाद वैशाली ने ठग को पकड़वाने का फैसला किया। उन्होंने छात्रा के इंस्टाग्राम अकाउंट से दोबारा आरोपी से संपर्क किया और मैसेज भेजा कि “बाबा, आपकी कृपा से नौकरी तो लग गई, लेकिन अब घर में भारी गृह क्लेश रहता है, इसका समाधान कर दीजिए।”
इस झांसे में फंसकर आरोपी फिर से ग्वालियर आने को तैयार हो गया। शुक्रवार शाम तय योजना के मुताबिक वह अपने दो साथियों के साथ वैगनआर कार में सवार होकर मुरार सब्जी मंडी पहुंचा। लेकिन इस बार वहां पहले से ही चाची वैशाली, उनके तीन भाई मनीष, नवेन्द्र और विवेक के साथ मुरार थाना पुलिस सादे कपड़ों में तैनात थी।
जैसे ही आरोपी कार से उतरकर पूजा के नाम पर सोने की अंगूठी लेने लगा, वैसे ही पुलिस और परिजनों ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। हालांकि, कार में बैठे उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल और अन्य सामग्री जब्त की है। पूछताछ में कई और लोगों से ठगी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब उसके सोशल मीडिया नेटवर्क और बैंक खातों की जांच कर रही है।