मजदूर दंपती के सामने उनकी 15 साल की बेटी से गैंगरेप की वारदात से भंवरपुरा और आसपास के गांव के लोगों में भी गुस्सा है। लोगों का कहना है नाबालिग लडक़ी से वहशीपन करने वाले अपराधियों को पुलिस और कानून तो सजा दे रही है। गांव में अपराधियों का बहिष्कार होगा...
मजदूर दंपती के सामने उनकी 15 साल की बेटी से गैंगरेप की वारदात से भंवरपुरा और आसपास के गांव के लोगों में भी गुस्सा है। लोगों का कहना है नाबालिग लडक़ी से वहशीपन करने वाले अपराधियों को पुलिस और कानून तो सजा दे रही है। गांव में अपराधियों का बहिष्कार होगा। उनका हुक्का पानी बंद कराएंगे। उधर पीडि़ता के परिवार को भंवरपुरा थाने से गांववाले अमरगढ़ गांव (भंवरपुरा) ले गए हैं। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवास में उन्हें ठहराया है। उधर नाबालिग से गैंगरेप करने वाले वहशी संजीव गुर्जर, आकाश गुर्जर और बंटी गुर्जर को पुलिस ने जेल भेज दिया है। चौथा आरोपी डकैत गुडडा का गुर्गा जंडेल गुर्जर पकड़ से बाहर है।
नाबालिग से गैंगरेप के बाद भंवरपुरा में दो नंबर की पत्थर खदानों पर सन्नाटा है। पुलिस और वन विभाग की आवाजाही की वजह से अवैध खदानों से पत्थर खोदने वाले मजदूर और ठेकेदार गायब हो गए हैं। उधर वारदात के बाद पीडि़ता के परिवार को पुलिस बरकोड़ा गांव से थाने में ले आई थी। रविवार को परिवार को पुलिस सुरक्षा में गांववालों के सहयोग से अमरगढ़ गांव के सरकारी आवास में शिफ्ट किया है।
जघन्य अपराध, वहशियों को बर्दाश्त नहीं करेंगे
नाबालिग से गैंगरेप को लेकर भंवरपुरा, बरकोडा, अमरगढ़ गांव में लोगों में गुस्सा है। शिवसिंह गुर्जर निवासी मोहना का कहना है गांववालों के साथ तय किया है वहशियों का बहिष्कार करेंगे। संजीव और आकाश गुर्जर दोनों डांग चराई के रहने वाले हैं। इसलिए उनके गांव में लोगों के साथ पंचायत कर हुक्का पानी बंद करने की बात करेंगे।
थाने से गांव में शिफ्ट किया परिवार
पीडि़ता के परिवार को अमरगढ़ गांव में शिफ्ट किया है। वहां गांववालों ने परिवार को रहने के लिए आवास मुहैया कराया है। उसके गुजर बसर का इंतजाम किया है। रेप केस में चौथे आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम दबिश दे रही हैं।
- गजेन्द्र वर्धमान, एएसपी