MP News: लंबे समय से दोपहर के समय संचालित होने वाली बेंगलुरु ग्वालियर फ्लाइट के समय में अब बड़ा बदलाव कर दिया गया है। शनिवार से यह फ्लाइट दोपहर 12:50 बजे की जगह सुबह 8:05 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट पर लैंड करेगी।
MP News: हवाई यात्रियों के लिए मई का महीना बड़ी राहत और बदलाव लेकर आया है। राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल से हवाई सेवाओं के विस्तार और समय में शनिवार से बड़ा फेरबदल किया गया है। अब न केवल बेंगलुरु की फ्लाइट अपने बदले हुए समय पर आएगी, बल्कि 4 मई से दिल्ली के लिए एक नई फ्लाइट भी शुरू हो रही है। इस विस्तार के बाद दिल्ली के लिए फ्लाइट्स की संख्या दोगुनी हो जाएगी, जिससे ग्वालियर से देशभर के अन्य शहरों की यात्रा करना काफी आसान हो जाएगा।
लंबे समय से दोपहर के समय संचालित होने वाली बेंगलुरु ग्वालियर फ्लाइट के समय में अब बड़ा बदलाव कर दिया गया है। शनिवार से यह फ्लाइट दोपहर 12:50 बजे की जगह सुबह 8:05 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। इस बदलाव का सबसे बड़ा फायदा उन यात्रियों और कारोबारियों को होगा, जो बेंगलुरु से काम के सिलसिले में ग्वालियर आते हैं। अब उनके पास शहर में अपना काम निपटाने के लिए पूरा दिन उपलब्ध रहेगा।
ग्वालियर वर्तमान में दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे महानगरों से सीधा जुड़ा हुआ है। दिल्ली के लिए फ्रीक्वेंसी बढ़ने का सबसे बड़ा लाभ यह है कि यात्री दिल्ली पहुंचकर वहां से देश के किसी भी अन्य शहर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट आसानी से ले सकेंगे। इससे उन यात्रियों को काफी राहत मिलेगी जिन्हें दूसरे शहरों में जाने के लिए पहले लंबा इंतजार करना पड़ता था।
ग्वालियर से दिल्ली के बीच हवाई सफर करने वालों के लिए भी अच्छी खबर है। 4 मई से दिल्ली के लिए एक नई फ्लाइट शुरू होने जा रही है। इसके साथ ही अब दिल्ली के लिए सप्ताह में 6 दिन फ्लाइट की सुविधा मिलेगी। अब तक ग्वालियर से दिल्ली के लिए सप्ताह में केवल तीन ही फ्लाइट्स संचालित हो रही थीं।
मध्यप्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए नागरिक विमानन नीति-2025 लागू की गई है। इसके अंतर्गत हवाई यात्राओं के विकास और माल ढुलाई के कार्य को तेज, सस्ता और सुगम बनाने के लिए कई काम किए जा रहे हैं। नीति के तहत घरेलू मार्ग के लिए 10 लाख रुपए और अंतर्राष्ट्रीय मार्गों के लिए 15 लाख रुपए की सहायता राशि दी जा रही है। एयर कार्गो लॉजिस्टिक्स परियोजनाओं के लिए भी 30 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान है। इसी क्रम में प्रदेश के नवनिर्मित रीवा एयरपोर्ट पर सुविधाएं बढ़ाई जा रहीं हैं। इसका अपग्रेडेशन कर एयरपोर्ट को ए-320 जैसे बड़े विमानों की उड़ान के लायक विकसित किया जा रहा है।