बिल में गड़बड़ी के सबसे ज्यादा मामले
ग्वालियर. शहर में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बिल में गड़बड़ी, मीटर तेज चलने और मीटर रीङ्क्षडग सही नहीं होने जैसी शिकायतें बड़ी संख्या में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराई जा रही हैं।
वर्तमान में एल-3 स्तर पर 185 शिकायतें लंबित हैं। इन शिकायतों में सबसे अधिक मामले बिजली बिल में गड़बड़ी से जुड़े हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि वास्तविक खपत से अधिक बिल जारी किए जा रहे हैं, जबकि कई स्थानों पर मीटर रीङ्क्षडग समय पर नहीं ली जा रही या गलत दर्ज की जा रही है। कुछ उपभोक्ताओं ने मीटर के तेज चलने और खराब होने की शिकायत भी की है। इसके अलावा कई क्षेत्रों में बिजली नहीं आने, बार-बार कटौती तथा फॉल्ट सुधार में देरी की शिकायतें सामने आई हैं। स्थाई और अस्थाई कनेक्शन देने में देरी को लेकर भी उपभोक्ता परेशान हैं। कुछ मामलों में आवेदन के बाद भी लंबे समय तक कनेक्शन जारी नहीं किए जाने की बात कही गई है।
जर्जर लाइनों से दुर्घटना की आशंका
शहर के बाहरी और पुराने इलाकों में तार टूटने, बिजली के खंभे टेढ़े होने और जर्जर लाइनों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। नागरिकों ने कई बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन समाधान में अपेक्षित गति नहीं दिखाई दे रही। वहीं कुछ शिकायतें बिजली चोरी से संबंधित भी हैं, जिनमें कार्रवाई की मांग की गई है।
कई मोहल्लों में वोल्टेज की समस्या
विद्युत ट्रांसफार्मर जलने या क्षमता से अधिक लोड होने के कारण बदलने की मांग भी लगातार उठ रही है। कई मोहल्लों में ट्रांसफार्मर की क्षमता कम होने से वोल्टेज की समस्या बनी रहती है, जिससे घरेलू उपकरणों को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है।
& सीएम हेल्प लाइन में जो उपभोक्ता शिकायतें कर रहे हैं उनका निराकरण किया जा रहा है। कुछ का समाधान कर दिया है, लेकिन अभी शिकायतें बंद नहीं हुई हैं। मीटर को लेकर जो शिकायतें आ रही है उनका तत्काल निराकरण किया जा रहा है।
संदीप कालरा, महाप्रबंधक शहर वृत, बिजली कंपनी