
ग्वालियर। रेलवे स्टेशन पर बारिश होते ही व्यवस्थाएं बिगड़ जाती हैं। मंगलवार को भी बारिश के कारण सुबह करीब 4 बजे प्लेटफॉर्म-1 और 3 पर लगा एस्केलेटर बंद हो गया। वहीं टिकट विंडो में करंट आने लगा, जिससे कई यात्रियों को झटके लगे।
प्लेटफॉर्म-1 और 3 पर एस्केलेटर बंद होने से यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक सीढिय़ों से चढकऱ जाना पड़ा। जिन यात्रियों पर अधिक सामान था, उन्हें काफी परेशानी हुई। इसकी शिकायत यात्रियों ने रेलवे के अधिकारियों से की, इसके बाद सुबह 10 बजे एस्केलेटर शुरू हुआ। इससे पहले भी कई बार बारिश के कारण एस्केलेटर बंद हो चुका है।
वहीं सुबह 4.30 बजे के करीब प्लेटफॉर्म-1 पर टिकट विंडो पर लोहे की जालियों में करंट आने लगा। यात्रियों को झटके लगने पर उन्होंने इसकी शिकायत डिप्टी एसएस से की। इसके बाद रेलवे के बिजली अधिकारियों को बुलाया गया, उनके काम करने के बाद करंट आना बंद हुआ।
रेलवे स्टेशन पर 26 अप्रेल को अग्निकांड होने के बाद से बिजली व्यवस्था गड़बड़ हो गई है। इसके चलते आए दिन शॉर्ट सक्रिट होने से चिंगारी निकलने लगती है।