
ग्वालियर. शहर के मुरार थाना क्षेत्र के सदर बाजार में साइबर अपराधियों की ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक शातिर ठग ने बेहद चालाकी से सर्राफा व्यापारी को चूना लगा दिया। ठग ने दुकान से दो तोले (20 ग्राम) सोने के सिक्के खरीदे और उसका भुगतान आरटीजीएस (ऑनलाइन पेमेंट) के माध्यम से सीधे व्यापारी के खाते में कर दिया, लेकिन असली ट््िवस्ट अगले दिन आया, जब बैंक ने व्यापारी का खाता सीज (फ्रीज) कर दिया। जांच में पता चला कि ठग ने भुगतान के लिए जिस राशि का इस्तेमाल किया था, वह किसी अन्य व्यक्ति से की गई साइबर ठगी का पैसा (क्राइम मनी) था।
व्यापारी के हाथ से 20 ग्राम सोने के सिक्के भी चले गए और खाते में आए साढ़े तीन लाख रुपए फ्रीज होने से दोहरा झटका लगा है। घटना 25 मई की रात की है। मुरार थाना पुलिस ने जीरो पर दर्ज ई-एफआइआर के बाद मुख्य मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मुरार के रिसाला बाजार निवासी कुनाल जैन सदर बाजार में एमएस ज्वेलर्स ‘भीकाराम त्रिलोकचन्द सर्राफ’ के नाम से ज्वेलरी शॉप चलाते हैं। कुनाल ने पुलिस को बताया, 25 मई की रात करीब 9:15 बजे एक ग्राहक उनकी दुकान पर आया था। उसने अपना नाम जय वर्मा निवासी प्रेम नगर, फूलबाग बताया। उसने दुकान से 20 ग्राम वजन के सोने के दो सिक्के पसंद किए, जिन्हें 3.31 लाख रुपए में खरीद कर अपने नाम से बिल बनवाया। नकद न होने की बात कहकर कुनाल जैन के बैंक खाते में आरटीजीएस के माध्यम से ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। मोबाइल पर पैसे क्रेडिट होने का मैसेज आते ही कुनाल ने सिक्के उसे दे दिए। एफआइआर के बाद पुलिस ने आरोपी जय वर्मा को गिरफ्तार कर सिक्के बरामद कर लिए हैं।
अगले ही दिन 26 मई जब कुनाल ने खाते से दूसरा ट्रांजेक्शन करना चाहा, तो पता चला कि बैंक ने खाता सीज कर दिया है। घबराए ज्वेलर जब तुरंत बैंक पहुंचे, तो अधिकारियों के खुलासे से उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बैंक प्रबंधन ने बताया कि जय वर्मा ने जो राशि ट्रांसफर की थी, वह साइबर फ्रॉड से जुड़ी है। किसी पीडि़त की शिकायत पर देश की साइबर सेल के निर्देश पर बैंक ने उस संदिग्ध राशि को होल्ड पर डालते हुए अकाउंट फ्रीज किया है।