ग्वालियर

Gwalior Weather Alert: स्कूलों का समय बदला, कड़ाके की ठंड का यलो अलर्ट जारी

Weather alert in Gwalior: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतलहर की चेतावनी, स्कूलों का समय बदला, मौसम विभाग का यलो अलर्ट,

3 min read

Gwalior Weather Alert: जम्मू कश्मीर से आ रही बर्फीली हवा से शहर का मौसम बदल गया। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इस कारण सर्दी की चुभन अधिक रही। सर्द हवा की वजह से हाथ-पैर सुन्न पड़ रहे थे।

सर्दी के सितम को देखते हुए नर्सरी से आठवीं कक्षा तक और आंगनबाड़ी के समय में बदलाव किया गया है। अब कक्षाएं 9 बजे के बाद लगेंगी और आंगनबाड़ी 10 बजे से खुलेंगी। मौसम विभाग ने सर्दी का येलो अलर्ट जारी किया है। सर्दी शीतलहर व फसलों पर पाले की ओर बढ़ रही है। मौसम विभाग ने तापमान में गिरावट के आसार जताए हैं।

जम्मू कश्मीर से 9 से 12 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से बर्फीली हवा आ रही है। वायु मंडल के ऊपरी हिस्से में जेट स्ट्रीम हवा चल रही है। इसके चलते वातावरण ठंडा हो गया है। इस कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट जारी है। जिसकी वजह से शहर में सर्दी बढ़ रही है।

बुधवार-गुरुवार की रात हाड़ कंपाने वाली सर्दी का सामना करना पड़ा। बर्फीली हवा ने धूप का अहसास नहीं होने दिया। दिन में शीतल अहसास रहा। सर्द हवा की वजह से अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

4 डिग्री के नीचे तापमान जाने पर फसलों पर पड़ सकता है पाला

रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। 4 डिग्री सेल्सियस के नीचे तापमान जाने पर फसलों पर पाला पड़ सकता है। इससे सब्जी की फसल प्रभावित होने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। स्प्रिंग कलर से सिंचाई करने से शीतलहर के प्रभाव को कम किया जा सकता है।


कश्मीर में हो रही लगातार बर्फबारी का असर

--जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ आने की वजह से भारी बर्फबारी हो चुकी है। कश्मीर से लगातार बर्फीली हवा आ रही है। इस हवा की वजह से सर्दी बढ़ी है। इसकी गति काफी तेज है। 15 दिसंबर तक ऐसी स्थिति रहने वाली है।

--हवा में नमी नहीं होने से न कोहरा छा रहा है और न बादल। आसमान साफ होने से सर्दी बढ़ी है।
जेट स्ट्रीम हवा की गति काफी तेज है। इससे पूरा वायु मंडल ठंडा हो गया है।
ऐसे निर्धारित होती है शीतलहर व कोल्ड डे

--न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री सेल्सियस कम रहता है तो शीतलहर मानी जाती है। यदि तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा तो तीव्र शीतलहर मानी जाती है।

--दिन का तापमान सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज होता है तो शीतल दिन (कोल्ड डे) होता है। 6.5 डिग्री सेल्सियस कम होता है तो तीव्र शीतल दिन (सीवियर कोल्ड डे) होता है।

--यह मानक पूरे नहीं हो पाए, जिसकी वजह से शीतलहर घोषित नहीं हो सकी है।

पारे की चाल

समय - तापमान

05:30-05.6
08:30 - 06.8
11:30 - 18.6
14:30 - 23.2
17:30 - 18.4

पिछले आठ साल में 12 दिसंबर का दिन सबसे सर्द


वर्ष - तापमान
2016 - 11.5
2017 - 13.5
2018 - 09.2
2019 - 11.3
2020 - 16.3
2021 - 05.4
2022 - 09.6
2023 - 11.1
2024 - 4.6

स्कूलों का बदला समय, नर्सरी से 8वीं तक की कक्षाएं 9 बजे के बाद

जिले में तापमान में गिरावट और शीत लहर को देखते हुए शासकीय व निजी स्कूलों में नर्सरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के बच्चों के लिए सुबह 9 बजे से पहले कक्षाएं नहीं लगाई जाएंगी। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र भी अब सुबह 10 से दोपहर डेढ़ बजे तक ही संचालित होंगे।

जिले में बढ़ती सर्दी को ध्यान में रखकर बच्चों को सर्दी से बचाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी अजय कटियार और जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास द्वारा अलग-अलग आदेश जारी किए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि सभी शासकीय और निजी स्कूलों सहित सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध सरकारी व निजी स्कूलों में आगामी 16 दिसंबर से 31 जनवरी तक सभी स्कूल नौ बजे के बाद ही संचालित होंगे। हालांकि परीक्षाओं का संचालन पूर्व नियत समय सारिणी के अनुसार ही रहेगा। बता दें कि सर्दी को देखते हुए इंदौर व भोपाल में स्कूलों का समय बदला जा चुका है।


आंगनबाड़ी में 10 बजे से डेढ़ बजे तक होगा संचालन


जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला-बाल विकास धीरेंद्र सिंह जादौन की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि बच्चों के लिए आंगनबाड़ियों का संचालन सुबह 10 बजे से डेढ़ बजे तक किया जाएगा। जबकि अभी यह सुबह 9 से शाम 4 बजे तक संचालित हो रही थीं। आंगनबाडिय़ों के संचालन के संबंध में जारी आदेश 13 दिसंबर से आगामी 31 जनवरी तक प्रभावशील रहेगा।

Updated on:
13 Dec 2024 04:10 pm
Published on:
13 Dec 2024 12:50 pm
Also Read
View All

अगली खबर