ग्वालियर

‘कलेजे के टुकड़े’ टिंकू को सीने से लगाकर फूट-फूटकर रोई मां, डबरा में अगवा बच्चा मिला

Kidnapped Child Rescued: नरवर के जंगल से पुलिस ने आरोपी के चंगुल से 3 साल के अगवा बच्चे टिंकू को सुरक्षित छुड़ाया, बेटे को सुरक्षित देखते ही सीने से लगाकर फूट-फूटकर रो पड़ी मां।
2 min read
dabra
kidnapped child tinku rescued by police, बेटे टिंकू को सीने से लगाकर रोती मां लक्ष्मी (source-patrika)

Dabra Kidnapped Child Rescued: मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा से बुधवार दोपहर को अगवा हुए तीन साल के मासूम टिंकू को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सुरक्षित ढूंढकर मां को सौंप दिया है। बच्चे को अगवा कर आरोपी नरवर के बिलोनी गांव के पास छिपा था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके चंगुल से बच्चे को रिहा कराया। बच्चे टिंकू को सुरक्षित छुड़ाने के बाद जब पुलिस उसे मां के पास लेकर पहुंची तो बेटे को देख मां फूट-फूटकर रो पड़ी। मां ने बेटे को सीने से लगा लिया और रोते-रोते उसे दुलार करती रही। बेटे को सीने से लगाकर मां को जिसने भी रोता देखा वो भी भावुक हो गया।

बुधवार दोपहर में अगवा हुआ था टिंकू

डबरा के आदिवासी दफाई में रहने वाली लक्ष्मी आदिवासी का तीन साल का बेटा टिंकू बुधवार दोपहर को घर से अगवा किया गया था। बच्चे के अगवा होने का पता चलते ही लक्ष्मी आदिवासी ने पुलिस को सूचना दी थी। उसने पुलिस को बताया था कि वो घर के अंदर सो रही थी और बेटा टिंकू घर के आंगन में खेल रहा था। दोपहर करीब 2 बजे जब वो उठी और बाहर आकर देखा तो टिंकू कहीं नजर नहीं आया। मोहल्ले के बच्चों ने उसे बताया कि कोई आदमी टिंकू को बाइक पर बैठाकर ले गया है।

24 घंटे के अंदर टिंकू को सुरक्षित ढूंढा

बच्चे के अगवा होने की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और एसपी धर्मवीर सिंह भी तुरंत डबरा पहुंचे। एसपी के निर्देश पर 10 टीमों का गठन किया गया और सरगर्मी से पुलिस टीमें बच्चे टिंकू की तलाश में जुट गईं। सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीक और मुखबिरों की मदद से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नरवर के बिलोनी गांव के पास छिपा है। पुलिस वहां पहुंची तो आरोपी की बाइक मिली, इसके बाद जंगल में सर्चिंग के दौरान आरोपी नहर के पास बच्चे के साथ छिपा हुआ मिला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके चंगुल से बच्चे को सुरक्षित छुड़ाया। आरोपी का नाम होतम उर्फ करिया प्रजापति है।

बेटे को सीने से लगाकर रो पड़ी मां

गुरुवार को जब पुलिस बच्चे टिंकू को सुरक्षित छुड़ाकर डबरा पहुंची तो इंतजार कर रही मां लक्ष्मी आदिवासी बेटे को देखकर फूट-फूटकर रो पड़ीं। मां ने बेटे को सीने से लगा लिया और जिस किसी ने भी इस भावुक पल को देखा वो भी भावुक हो गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी होतम उर्फ करिया प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने बच्चे का अपहरण क्यों किया था, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। आरोपी शराब पीने का आदी है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

Updated on:
09 Jul 2026 05:07 pm
Published on:
09 Jul 2026 05:07 pm