LPG cylinder shortage: 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर पर रोक लगने के कारण इन दिनों कोयला भट्टियों की खासी मांग निकल पड़ी है।
LPG cylinder shortage: ईरान-इजराइल युद्ध के कारण एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर मारामारी का माहौल बना हुआ है। घर पर डिलीवर न होने के कारण लोगों की भीड़ गैस एजेंसियों पर उमड़ रही है। ग्वालियर की गैस एजेंसियों पर आलम ये बन पड़ रहा है कि एजेंसियों के खुलने के पहले ही ग्राहक बाहर आकर खड़े हो जाते हैं। कई जगहों पर प्रतिदिन ग्राहकों की भीड़ एजेंसियों पर उमड़ रही है। इसके साथ ही जिन उज्ज्वला कनेक्शनधारियों ने कभी सिलेंडर नहीं भरवाया, वे भी बुकिंग करा रहे हैं।
ग्वालियर-चंबल एलपीजी फेडरेशन के कॉर्डिनेटर श्यामानंद शुक्ला ने बताया कि ऐसे कनेक्शनधारियों की संख्या 20 प्रतिशत तक बढ़ गई है। इन सिलेंडरों की रिफलिंग तेजी के साथ बढ़ रही है। वहीं व्यावसायिक सिलेंडरों की सप्लाई पर रोक लगने के बाद होटल-रेस्टोरेंट और ढाबों पर घरेलू सिलेंडरों से ही भोजन पकाया जा रहा है। एक रेस्टॉरेंट संचालक ने बताया कि 14.2 किलो का 996.50 रुपए का घरेलू गैस सिलेंडर 1700 रुपए में खरीदना पड़ रहा है। काम करना ही मुश्किल हो गया है।
19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर पर रोक लगने के कारण इन दिनों कोयला भट्टियों की खासी मांग निकल पड़ी है। भट्टी बनाने वाले राजू अरोरा ने बताया, कोयो वाली भट्टी 7 हजार रुपए की है, इसे मिट्टी से बनाने में समय लगता है। इनकी इतनी मांग है कि तैयार ही नहीं कर पा रहे हैं। वहीं बिजली वाली भट्टी 3500 से 8 हजार तक की है। फिलहाल इसका ट्रॉयल चल रहा है।
एक ओर पाइप लाइन से गैस (पीएनजी) लेने वाले उपभोक्ताओं को घरेलू एलपीजी सिलेंडर रखने, लेने और फिर से भरवाने पर रोक लगा दी गई है, वहीं शहर में अभी भी ऐसे उपभोक्ता हैं, जो पीएनजी के साथ-साथ एलपीजी गैस सिलेंडर भी उपयोग कर रहे हैं। अवंतिका गैस लिमिटेड के ऑफिस इंचार्ज अंकिश गर्ग ने बताया कि पीएनजी के 60 हजार से अधिक कनेक्शन हैं और करीब 30 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के पास एलपीजी सिलेंडर के कनेक्शन भी हैं। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही पीएनजी कनेक्शन के लिए लगातार नए आवेदन आ रहे हैं। हर दिन ऐसे नए आवेदनों की संख्या करीब 30 हो चुकी है।
कमर्शियल सिलेंडर की मारामारी के बीच शहर के होटल-रेस्टॉरेंट संचालकों ने डिस्काउंट देना भी बंद कर दिया है। सिटी सेंटर स्थित निजी होटल ने होटल में सूचना चस्पा की है। इसमें लिखा गया है कि सारे डिस्काउंट बंद किए जा रहे हैं क्योंकि एलपीजी गैस मिलन बंद हो गई है।