ग्वालियर

महिलाओं और बालिकाओं को मार्शल आर्ट सिखाकर बना रहे आत्मनिर्भर

महिलाओं और बालिकाओं को मार्शल आर्ट सिखाकर बना रहे आत्मनिर्भर

less than 1 minute read
महिलाओं और बालिकाओं को मार्शल आर्ट सिखाकर बना रहे आत्मनिर्भर
Making self-reliant by teaching martial arts to women and girls

ग्वालियर.जिला खेल एवं आत्म सुरक्षा समिति द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि महिलाओं और बालिकाओं के साथ होने वाली घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और वे आत्मनिर्भर होकर खुद ही अपराधियों का डटकर मुकाबला कर सकें।

संस्था द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के लिए आयोजित किए जाने वाले शिविरों में एक्सपर्ट द्वारा मार्शल आर्ट के साथ लाठी और तलवार चलाने का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। शिविर में काफी संख्या में महिलाएं और बालिकाएं हिस्सा लेती हैं।
संस्था अध्यक्ष सतीश राजे ने एक्सपोज से चर्चा के दौरान कहा कि आज की महिलाएं कमजोर नहीं मजबूत हैं, वह अपनी रक्षा स्वयं कर सकती हैं। हर वर्ग के पुरुष को नारी का सम्मान करना चाहिए। महिलाएं और बालिकाएं आत्मनिर्भर होकर अपने साथ होने वाली अप्रिय घटनाओं का विरोध कर सकें, इसलिए संस्था द्वारा नि.शुल्क प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं के साथ आए दिन छेड़छाड़ की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन कई मामलों में महिलाएं व बालिकाएं विरोध नहीं कर पाती हैं, जिसका फायदा अपराधियों द्वारा उठाया जाता है। इसलिए संस्था द्वारा पिंटो पार्क, अचलेश्वर मंदिर, थाटीपुर सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जहां पर प्रतिदिन बालिकाओं और महिलाओं को लाठी व तलवारबाजी के साथ मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग दी जाती है, जिससे महिलाएं घटनाओं का खुलकर विरोध कर सकें। साथ ही संस्था द्वारा बालिकाओं को बॉक्सिंग भी सिखाई जाती है। प्रशिक्षण प्राप्त कर कई बालिकाएं प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर कई मेडल जीत चुकी हैं। इसके लिए संस्था की ओर से बालिकाओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सम्मानित भी किया जाता है। महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाए जाने का कार्य संस्था की ओर से नि:शुल्क ही किया जाता है।

Published on:
07 Aug 2019 06:25 pm