
ग्वालियर. रेल यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए रेलवे ने ग्वालियर को दो नई रेल सेवाओं की सौगात दी है। पहली ग्वालियर-रीवा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन है, जिसका संचालन 8 जुलाई से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार किया जाएगा। वहीं टनकपुर-नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस का उद्घाटन विशेष फेरा 6 जुलाई से शुरू होगा। इन दोनों ट्रेनों के संचालन से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क बेहतर होगा तथा यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
25 नवंबर तक संचालन
ट्रेन संख्या 04191 ग्वालियर-रीवा साप्ताहिक स्पेशल प्रत्येक बुधवार सुबह 7.40 बजे ग्वालियर से रवाना होकर शाम 7.40 बजे रीवा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04192 रीवा-ग्वालियर स्पेशल प्रत्येक बुधवार रात 9 बजे रीवा से चलेगी और अगले दिन सुबह 9.40 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। यह विशेष ट्रेन 25 नवंबर तक दोनों दिशाओं में कुल 20-20 फेरे लगाएगी।
इन स्टेशनों पर रुकेगी
यह ट्रेन डबरा, दतिया, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, निवाड़ी, मऊरानीपुर, हरपालपुर, महोबा, बांदा, अतर्रा, चित्रकूटधाम कर्वी, टिकरिया, मझगवां, जैतवार और कैमा सहित निर्धारित स्टेशनों पर ठहरेगी। इससे ग्वालियर, बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र के यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच लगाए गए हैं। वहीं, ट्रेन संख्या 05012 टनकपुर-नांदेड़ उद्घाटन विशेष 6 जुलाई को सुबह 10.45 बजे टनकपुर से रवाना होकर रात 9.55 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। यहां पांच मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, अकोला, ङ्क्षहगोली और पूर्णा होते हुए अगले दिन शाम 6 बजे नांदेड़ पहुंचेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के संचालन और समय की नवीनतम जानकारी एनटीईएस या रेलवे हेल्पलाइन 139 से अवश्य प्राप्त कर लें। अधिकारियों का कहना है कि इन नई रेल सेवाओं से लंबी दूरी के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और अधिक सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।