9 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

40 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़ा 6 फीट लंबा घोड़ा पछाड़ सांप, 4 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

शहर के दीनदयाल नगर मुख्य बाजार में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी और कौतूहल का माहौल बन गया, जब करीब 6 फीट लंबा घोड़ा पछाड़ सांप 40 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़कर बैठ गया। कुशवाह मार्केट के पास डिवाइडर पर लगे पेड़ पर सांप को देखने के लिए कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
2 min read
Google source verification
gwalior patrika photo (photo patrika)

सांप को सुर​क्षित पकड़कर ले जाते एक्सपर्ट

ग्वालियर। शहर के दीनदयाल नगर मुख्य बाजार में मंगलवार दोपहर अचानक लोगों की भीड़ जमा हो गई। वजह ऐसी थी, जिसने खौफ के साथ लोगों में कौतूहल भी पैदा कर दिया। कुशवाह मार्केट के पास डिवाइडर पर लगे करीब 40 फीट ऊंचे पेड़ पर लगभग 6 फीट लंबा घोड़ा पछाड़ सांप चढ़कर बैठ गया। पेड़ की ऊंचाई पर सांप को देखकर लोग सड़क पर रुक गए और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। कई लोग मोबाइल फोन से सांप का वीडियो बनाने लगे। भीड़ बढ़ने से मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक की रफ्तार थम गई और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया।

फूल बेचने वाले की नजर पड़ी तो जुटने लगी भीड़

घटना मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है। कुशवाह मार्केट के पास डिवाइडर पर फूल बेचने वाले अभय कुमार की नजर अचानक पेड़ की ऊंची डाल पर गई। वहां विशाल सांप कुंडली मारकर बैठा हुआ था। उन्होंने आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी। सांप को देखने के लिए पहले कुछ लोग जमा हुए और देखते ही देखते भीड़ बढ़ती चली गई।

मुख्य बाजार होने के कारण सड़क के दोनों ओर दुकानें और रिहायशी मकान हैं। ऐसे में लोगों ने दुकानों के बाहर, सड़क किनारे और आसपास के स्थानों से पेड़ पर बैठे सांप को देखा। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन निकाल लिए और वीडियो बनाने लगे। भीड़ के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ समय के लिए सड़क पर जाम जैसे हालात बन गए।

फायर ब्रिगेड ने पानी की बौछार की, फिर भी नहीं उतरा सांप

सांप की ऊंचाई देखकर लोगों ने नगर निगम और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। सांप को पेड़ से नीचे उतारने के लिए पानी की तेज बौछार की गई। उम्मीद थी कि पानी के दबाव से सांप नीचे आ जाएगा, लेकिन सांप पेड़ की डाल को मजबूती से पकड़े रहा। कई प्रयासों के बाद भी वह अपनी जगह से नहीं हिला।

इसके बाद चिड़ियाघर से सांप पकड़ने के स्पेशलिस्ट अनुराग गुर्जर को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने स्थिति का निरीक्षण किया और बताया कि इतनी ऊंचाई पर पहुंचकर ही सांप को सुरक्षित तरीके से काबू किया जा सकता है।

हाइड्रोलिक गाड़ी से 40 फीट ऊंचाई तक पहुंचे स्पेशलिस्ट

पेड़ की ऊंचाई करीब 40 फीट होने के कारण सामान्य सीढ़ी से सांप तक पहुंचना संभव नहीं था। इसके बाद नगर निगम के बिजली विभाग की सीढ़ियों वाली हाइड्रोलिक गाड़ी मौके पर बुलाई गई। हाइड्रोलिक गाड़ी की मदद से स्पेशलिस्ट अनुराग गुर्जर पेड़ की ऊंचाई तक पहुंचे।

सांप जिस डाल पर बैठा था, वहां तक पहुंचने के लिए पेड़ की कुछ डालियों को भी काटना पड़ा। इसके बाद स्पेशलिस्ट ने काफी सावधानी से सांप को काबू करने की कोशिश शुरू की। करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शाम लगभग 4:30 बजे सांप को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

रेस्क्यू के बाद सामान्य हुआ ट्रैफिक

सांप को पकड़ने के बाद उसे सुरक्षित तरीके से चिड़ियाघर ले जाया गया। रेस्क्यू पूरा होने के बाद मौके पर जमा भीड़ धीरे-धीरे हटने लगी और मुख्य मार्ग पर यातायात सामान्य हो गया। दोपहर करीब 12:30 बजे सांप के पेड़ पर दिखाई देने से लेकर शाम 4:30 बजे उसके रेस्क्यू होने तक दीनदयाल नगर में लगातार लोगों की नजरें पेड़ पर टिकी रहीं। करीब चार घंटे तक बाजार में खौफ, कौतूहल और रेस्क्यू ऑपरेशन का यह नजारा चर्चा का विषय बना रहा।