
ग्वालियर/भिण्ड। देश में 500 व 1000 के नोट प्रचलन से बाहर कर दिए जाने के आदेश के बाद हुई छोटे नोटों की समस्या के चलते आरोपी शेख सकूर सय्यद उर्फ राना भाई निवासी तेलगांव थाना पेठ महाराष्ट्र ने नकली नोट तैयार कर खपाने का आइडिया बनाया था। आरोपी ने इसके लिए देश के विभिन्न प्रदेशों में अपना नेटवर्क बनाना भी शुरू कर दिया था।
पुलिस अधीक्षक प्रशांत खरे के अनुसार 22 अक्टूबर को बरोही थाना पुलिस ने करतार सिंह नरवरिया पुत्र लक्ष्मीनारायण सिंह नरवरिया निवासी हसनपुरा गोरमी को एंतहार की पुलिया पर नकली नोटों की खेप ले जाते हुए गिरफ्तार कर लिया था। करतार सिंह के कब्जे से पुलिस ने सौ-सौ के 610 एवं 50-50 के 10 नकली नोटों के अलावा 32 बोर की रिवाल्वर मय पांच जिंदा कारतूसों के बरामद की थी। करतार से की गई पूछताछ के बाद शेख सकूर सैय्यद उर्फ राना भाई पुत्र शब्बीर सय्यद निवासी सिवनी रोड तेलगांव का नाम सामने आया। करतार सिंह के मुताबिक शेख सकूर उर्फ राना भाई से उसने नकली नोट भिण्ड जिले में खपाने के लिए दिए थे। करतार के पकड़े जाने के बाद उसकी निशानदेही पर चार सदस्यीय पुलिस बल महाराष्ट्र के पेठ थाना अंतर्गत तेलगांव पहुंचा जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश देकर मुख्य आरोपी शेख सकूर उर्फ राना भाई को गिरफ्तार कर लिया।
टीम होगी पुरस्कृत: नकली नोट तैयार करने के आरोपी शेख सकूर उर्फ राना भाई को महाराष्ट्र से गिरफ्तार करने वाली टीम के सदस्य थाना प्रभारी बरोही मनीष जादौन, आरक्षक रामेश्वर सिंह, भूपेंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह चौहान को पुलिस महानिरीक्षक की ओर से 10 हजार रुपए की नकद राशि से पुरस्कृत किया जाएगा।
घर पर ही डाई से तैयार करता था नकली नोट
महाराष्ट्र के पेठ थाना अंतर्गत ग्राम तेलगांव में आरोपी सकूर सय्यद अपने घर में ही डाई मशीन से हूबहू असली नोट की भांति नकली नोट तैयार करता था। करतार सिंह को जब पुलिस ने पकड़ा था उसने पूछताछ के दौरान बताया था कि वह यह खेप 50 फीसदी कमीशन पर महाराष्ट्र के तेलगांव से सकूर सय्यद से लेकर आया है। पुलिस ने आरोपी करतार सिंह को न्यायालय में पेश कर उसे पीआर पर लिया और इसी दौरान उसे पुलिस टीम के साथ महाराष्ट्र के संबंधित इलाके में मुख्य आरोपी को पकड़े में सहयोग के लिए ले जाया गया। टीम ने स्थानीय थाना पुलिस की मदद से तेलगांव में दबिश दी तो आरोपी सकूर सय्यद गांव के बाहर पुलिया के पास बैठा मिल गया।
भिण्ड के अलावा कितनों शहरों में खपाए नोट पीआर के दौरान होगी पूछताछ
एसपी के अनुसार आरोपी सूकर सय्यद को न्यायालय से पीआर पर लिया गया है। उसने भिण्ड के अलावा प्रदेश के और कितने जिलों तथा अन्य प्रदेशों में नकली नोट खपाए हैं एवं नकली नोटों की तश्करी में कितने लोग जुड़े हैं और उनके नाम पते क्या हैं यह पूछताछ पुलिस रिमांड के दौरान करेगी। पत्रकारों से चर्चा के दौरान एसपी के अलावा एएसपी राजेंद्र वर्मा, डीएसपी राकेश छारी मौजूद रहे।