5 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

15% बढ़ी साइबर ठगी, ग्वालियर में खातों से 31.33 लाख रुपए से अधिक निकाले

त्योहारी सीजन में बाजारों की रौनक के साथ ऑनलाइन खरीदारी भी बढ़ गई है, लेकिन इसी का फायदा साइबर ठग उठा रहे हैं। पिछले 30 दिनों में ग्वालियर में साइबर ठगी के 37 से अधिक मामले सामने आए हैं। इनमें ठगों ने खातों से 31.33 लाख रुपए से अधिक निकाल लिए।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

ग्वालियर

•

image

Rahul Thakur

•

Updated: 5 Nov 2026, 8:02 PM IST

cyber fruad

cyber fruad

ग्वालियर. त्योहारी सीजन में बाजारों की रौनक के साथ ऑनलाइन खरीदारी भी बढ़ गई है, लेकिन इसी का फायदा साइबर ठग उठा रहे हैं। पिछले 30 दिनों में ग्वालियर में साइबर ठगी के 37 से अधिक मामले सामने आए हैं। इनमें ठगों ने खातों से 31.33 लाख रुपए से अधिक निकाल लिए। साइबर पुलिस के अनुसार, सामान्य दिनों की तुलना में त्योहारी सीजन में ठगी की शिकायतों में करीब 15 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। साइबर अपराधियों ने डिस्काउंट, गिफ्ट, इनाम और लेटेस्ट मॉडल के नाम पर फर्जी वेबसाइट और लिंक तैयार किए हैं। ब्रांडेड सामान बाजार से कम कीमत पर घर बैठे उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगों से एडवांस भुगतान कराया जा रहा है। कई मामलों में ऑर्डर कन्फर्मेशन, डिलीवरी चार्ज या कस्टमर केयर के नाम पर ठग बैकिंग जानकारी हासिल कर रहे हैं।

गूगल से कस्टमर केयर नंबर खोजना पड़ा भारी
राज्य साइबर सेल के निरीक्षक डीके गुप्ता के अनुसार, करीब 25 प्रतिशत मामलों में लोगों ने गूगल पर कस्टमर केयर नंबर तलाशकर ठगों से संपर्क किया। ठग फर्जी नंबर और वेबसाइट को सर्च रिजल्ट में ऊपर दिखाकर लोगों को झांसे में लेते हैं। किसी कंपनी का संपर्क नंबर हमेशा उसकी आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत ऐप से ही लेना चाहिए।

पेटीएम कर्मचारी बनकर महिला से 67 हजार की ठगी
सिंधिया नगर निवासी फल विक्रेता लक्ष्मी आदिवासी ने शिकायत में बताया कि एक व्यक्ति पेटीएम कर्मचारी बनकर उनके पास आया। उसने पेटीएम खराब होने की बात कहकर मोबाइल लिया और खाते से जुड़ी जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद उनके खाते से छह बार में 67,674 रुपए निकाल लिए गए। कुछ दिन बाद बैंक जाकर जानकारी लेने पर ठगी का पता चला।

कंप्यूटर जनरेटेड कॉल से 1.10 लाख निकले
बार काउंसिल सचिव महेश गोयल ने शिकायत में बताया कि 3 नवंबर को उन्हें कंप्यूटर जनरेटेड कॉल आया। कॉल रिसीव करने के बाद उनके यूको बैंक खाते से 1.10 लाख रुपए निकल गए। उनका कहना है कि उन्होंने न ओटीपी साझा किया और न किसी लिंक पर क्लिक किया। पुलिस इस मामले में बैकिंग ट्रांजेक्शन और कॉल की जांच कर रही है।

इन लोगों ने भी गंवाई रकम
-रामकृष्ण बघेल, मुरार—96,666
-समीर खान, बहोड़ापुर—26,000
-सैयद अजहर, बहोड़ापुर—50,520
-शशि तिवारी, बहोड़ापुर—32,699
-संजय ङ्क्षसह, बहोड़ापुर—45,000
-राजेंद्र शर्मा, बहोड़ापुर—46,915

एक्सपर्ट व्यू
अनजान लिंक, ऐप से बचें

त्योहार पर साइबर ठग लोगों की खुशियों में सेंध लगा रहे हैं। इन दिनों ऑनलाइन खरीदारी बढ़ी है और ठग इसी का फायदा उठा रहे हैं। ठगी से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहना जरूरी है। किसी भी तरह के लालच में न आएं, क्योंकि साइबर अपराधी लालच का जाल बिछाकर ही लोगों को निशाना बनाते हैं। अनजान कॉल पर भरोसा न करें और गूगल पर कस्टमर केयर नंबर तलाशने से बचें। अनजान लिंक, ऐप या कस्टमर केयर नंबर पर भरोसा न करें। ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
संजीव नयन शर्मा, डीएसपी, राज्य साइबर सेल