
ग्वालियर। प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अब मात्र दो माह ही शेष बचे हैं। ऐसे में भाजपा,कांग्रेस बसपा और सपा सहित आप पार्टी ने चुनावी में उतरकर जनता पर पकड़ बनाना शुरू कर दिया है। साथ ही बसपा और सपा व आप ने तो अपने प्रत्याशी की सूची भी जारी कर दी है। वहीं कांग्रेस और भाजपा ने अभी अपनी ओर से कोई सूची जारी नहीं की है इन दोनों ही पार्टियों में प्रत्याशी सूची को लेकर अभी भी मशक्कत जारी है।
विधानसभा चुनाव में टिकट के बांटवारे को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को कांग्रेस के जिलाध्यक्षों से सीधी बात करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में उनकी सहमति से ही प्रत्याशियों को टिकट वितरण होगा। सुबह 10 बजे से 12 बजे तक चली चर्चा में ग्वालियर के जिलाध्यक्ष डॉ.देवेन्द्र शर्मा भी लाइन पर बने रहे,लेकिन उनसे चर्चा नहीं हो सकी।
राहुल गांधी ने उड़ीसा,तमिलनाडु,उत्तराखंड,मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों के जिलाध्यक्षों से टेलीफोन पर कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा की। इस दौरान सभी जिलाध्यक्षों से लाइन पर रहने को कहा गया था। इस दौरान राहुल गांधी ने जिलाध्यक्षों से कहा कि वे पार्टी के सबसे सशक्त व्यक्ति हैं।
22 को जाएंगे दिल्ली
जिलाध्यक्ष डॉ.शर्मा ने कहा कि चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 23 अक्टूबर को दिल्ली बुलाया है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी पहले ही प्रस्ताव पारित कर पूर्व मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रत्याशियों के नाम एवं पार्टी में नियुक्ति के अधिकार दे चुकी है। पार्टी द्वारा संभावित उम्मीदवारों के नामों के पैनल पार्टी को भेजे जा चुके हैं।