राहुल बोले- मोदी अमीरों के साथ, हम देंगे गरीबों को जल-जंगल-जमीन का हक
ग्वालियर। प्रदेश के ग्वालियर चंबल संभाग में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुरैना में एकता परिषद के मंच से केंद्र सरकार पर हमला बोला। पांच सूत्रीय मांगों को लेकर दिल्ली मार्च पर निकले हजारों सत्याग्रहियों को मुरैना के अंबेडकर स्टेडियम में संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, कांग्रेस की सरकार बनने पर ट्राइबल एक्ट के माध्यम से आदिवासियों को जल,जंगल और जमीन का हक देंगे।
आपको हक देकर रहेंगे। राहुल के आश्वासन पर एकता परिषद के राजगोपाल पीवी ने दिल्ली कूच स्थगित की घोषणा कर दी। राहुल ने कहा,कांग्रेस ने हमेशा मजदूर आदिवासियों का हित सर्वोपरि रखा है। जो कहा,उसे कर्नाटक में करके दिखाया।
कांग्रेस आम आदमी के फायदे को सोच कर योजना बनाती है,जबकि मोदी अनिल अंबानी,नीरव और माल्या के साथ हैं। आप नीयत देखें कि कौन आपके साथ है। लोकसभा और राज्यसभा में हमने भाजपा को मनमानी करने से रोका।
इसी मंच से सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, भाजपा झूठी पार्टी है। यह पार्टी गरीबों के साथ विश्वासघात करती है। कांग्रेस जो कहती है, करके दिखाती है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि जल, जंगल और जमीन को लेकर देश में अब तक जितने भी कानून बने हैं, सब कांग्रेस ने ही बनाए हैं।
पुलिस अधीक्षक अमित सांघी के अनुसार वीवीआइपी का रूट 5वीं वाहिनी से राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-३ पर न्यू हाउसिंग बोर्ड चौराहा, बैरियर चौराहा, एमएस रोड, चंबल कॉलोनी गेट से होकर डॉ भीमराव अंबेडकर स्टेडियम तक रहेगा। इस दौरान सुरक्षा इंतजामों के चलते सभी प्रकार के वाहनों का अवागमन प्रतिबंधित रहेगा। लोगों को परेशानी न हो इसलिए मुरैना शहर से राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए अन्य शहर में तथा अन्य शहर से राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए मुरैना शहर में आवागमन के लिए मार्ग केएस चौराहे से अनाज मंडी वाला रोड एवं पुरानी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी रोड से एमएस रोड तक रहेगा। इसी मार्ग से वापस जाने की व्यवस्था आमजन की सुविधा के लिए की गई है। एमएस रोड से बैरियर चौराहे की ओर जाने वाला आवागमन भी कार्यक्रम के दौरान प्रतिबंधित रहेगा।