
कार्तिक मास की शुरूआत 27 अक्टूबर से हो चुकी है। इस पवित्र महीने में कई पर्व-त्योहार पडऩे जा रहे हैं।
ग्वालियर. आस्था की डुबकी, दीपों की चमक और भगवान विष्णु की आराधना हिंदू धर्म में पुण्य और साधना का विशेष संदेश लेकर कार्तिक मास शुरू हो चुका है। मंगलवार से आरंभ हुए इस पवित्र महीने में मंदिरों से लेकर घरों तक पूजा-पाठ की रौनक रहेगी। कहीं ब्रह्म मुहूर्त में नदी-सरोवरों में स्नान होगा, तो कहीं तुलसी चौरे पर दीपक जलाकर सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी। दीपदान, दान-पुण्य और व्रत-उपवास के लिए खास माने जाने वाले इस महीने का समापन 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के साथ होगा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, चार महीने के चातुर्मास के बाद भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं। देवउठनी एकादशी के साथ मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। कार्तिक मास को भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की आराधना के लिए विशेष फलदायी माना गया है। मान्यता है कि इस दौरान श्रद्धा से किए गए स्नान, दीपदान, जप और दान से जीवन में सुख-शांति और समृद्धि आती है। यही वजह है कि पूरे महीने धार्मिक गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है।
दीपदान से लेकर तुलसी पूजा तक, हर दिन पुण्य कमाने का अवसर
कार्तिक मास में सूर्योदय से पहले उठकर स्नान करना, मंदिरों में दर्शन करना और जरूरतमंदों को दान देना विशेष महत्व रखता है। पवित्र नदियों और सरोवरों के किनारे दीप जलाने की परंपरा भी इसी महीने से जुड़ी है। घरों में सुबह-शाम तुलसी पूजन और दीप प्रज्ज्वलन किया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आकाशदीप जलाना, भूमि पर शयन करना और ब्रह्मचर्य का पालन करना भी इस माह के प्रमुख धार्मिक नियमों में शामिल हैं। इस दौरान भगवान विष्णु की आराधना के साथ भगवान श्रीकृष्ण और हनुमानजी की पूजा भी की जाती है। हनुमानजी के निमित्त पंचमुखी तेल का दीपक जलाने और पाठ-पूजन का विशेष महत्व बताया गया है। वहीं, प्रतिदिन श्रीमद्भगवद्गीता का पाठ, अन्नदान और दीपदान करने की परंपरा भी प्रचलित है। मान्यता है कि जरूरतमंदों को अन्न और अन्य आवश्यक वस्तुओं का दान करने से पुण्य मिलता है और कुबेर की कृपा से धन-समृद्धि बढ़ती है।
त्योहारों की कतार, नवंबर में घर-घर होगा उत्सव
कार्तिक मास में इस बार व्रत और त्योहारों की लंबी शृंखला रहेगी। करवा चौथ से शुरू होने वाली उत्सवी रौनक धनतेरस, नरक चतुर्दशी और दीपावली तक पहुंचेगी। इसके बाद गोवर्धन पूजा, भाई दूज और छठ पर्व पर धार्मिक उत्साह दिखाई देगा। महीने के उत्तरार्ध में देवउठनी एकादशी, तुलसी विवाह और देव दीपावली के साथ पूजा-पाठ का विशेष दौर रहेगा।
कार्तिक मास के प्रमुख व्रत-त्योहार
20 नवंबर से फिर गूंजेंगी शहनाइयां
कार्तिक मास में शुक्र ग्रह के उदय और बालत्व दोष की समाप्ति को भी ज्योतिषीय दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पंचांग के अनुसार, 30 अक्टूबर को शुक्र उदय होगा और 2 नवंबर को शुक्र का बालत्व दोष समाप्त होगा। इसके बाद 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के साथ मांगलिक कार्यों का सिलसिला शुरू होगा। विवाह सहित अन्य शुभ आयोजनों की तैयारी कर रहे परिवारों के लिए यह तिथि खास मानी जा रही है।
श्रद्धा के साथ करें ये पांच काम
Updated on:
28 Oct 2026, 11:29 AM IST
Published on:
28 Oct 2026, 11:23 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.