
ग्वालियर. इस बार रक्षाबंधन सिर्फ भाई की कलाई पर राखी बांधने तक सीमित नहीं रहने वाला। 28 अगस्त शुक्रवार की छुट्टी, 29 अगस्त शनिवार और 30 अगस्त रविवार के साथ 31 अगस्त को छुट्टी लेकर ग्वालियर-चंबल के परिवारों ने चार दिन का लॉन्ग वीकेंड बनाने की तैयारी कर ली है। नतीजा कहीं महाकाल के दर्शन का प्लान है तो कहीं वृंदावन में बांके बिहारी के दरबार की तैयारी। कुछ परिवार काशी-अयोध्या की धार्मिक यात्रा पर निकल रहे हैं तो कुछ ओरछा-खजुराहो के महलों और मानसून की हरियाली में वीकेंड बिताने की तैयारी कर रहे हैं। ट्रैवल कारोबारियों के मुताबिक इस बार धार्मिक स्थल, ऐतिहासिक शहर और मानसून डेस्टिनेशन तीनों ही परिवारों की पसंद बने हैं। यानी राखी का त्योहार इस बार रिश्तों के साथ रोड ट्रिप भी मजबूत कर रहा है।
महाकाल सबसे हॉट, काशी-अयोध्या का कॉम्बिनेशन भी तैयार
सावन और त्योहार का असर धार्मिक पर्यटन पर साफ दिखाई दे रहा है। उज्जैन ग्वालियर-चंबल के परिवारों की सबसे पसंदीदा यात्राओं में शामिल है। ट्रेनों में भारी वेटिंग के बावजूद परिवार प्राइवेट एसी स्लीपर बसों और निजी कारों से उज्जैन पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं। बाबा महाकाल के दर्शन के साथ नए कॉरिडोर को देखने का आकर्षण भी लोगों को खींच रहा है।
इसके बाद काशी और अयोध्या का कॉम्बिनेशन लोगों को आकर्षित कर रहा है। तीन-चार दिन में दोनों धार्मिक शहरों को कवर करने की योजना बनाई जा रही है। काशी विश्वनाथ के दर्शन से लेकर रामलला के दरबार तक परिवार इस बार रक्षाबंधन के वीकेंड को धार्मिक यात्रा में बदल रहे हैं।
सबसे आसान और नजदीकी विकल्प मथुरा-वृंदावन
ग्वालियर के परिवारों के लिए सबसे आसान धार्मिक गेटवे मथुरा-वृंदावन है। कम समय और अपेक्षाकृत आसान सफर के कारण शनिवार-रविवार को सैकड़ों परिवार कारों और बुक की गई गाडिय़ों से निकलने की तैयारी में हैं। कई परिवार ओरछा के महलों, बेतवा नदी के किनारों और मंदिरों के बीच मानसून का आनंद लेने की तैयारी कर रहे हैं। जिन परिवारों ने चार दिन का पूरा फायदा उठाने की ठानी है, उनके प्लान में जयपुर और उदयपुर भी शामिल हैं। राजस्थान के इन शहरों के लिए ग्वालियर से चलने वाली प्राइवेट स्लीपर बसों में इस वीकेंड के लिए भारी बुकिंग बताई जा रही है। जयपुर के किले और उदयपुर की झीलें परिवारों को आकर्षित कर रही हैं। रक्षाबंधन के आसपास दिल्ली और उदयपुर में होटल बुकिंग में 83 फीसदी की रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मध्यप्रदेश से बाहर घूमने वालों की पसंद में गोवा, ऋषिकेश, लोनावला और जयपुर भी शामिल हैं।
ग्वालियर की फ्लाइट बुकिंग 58 फीसदी बढ़ी
रक्षाबंधन के इस ट्रैवल बूम का असर हवाई यात्रा पर भी दिख रहा है। ट्रैवल एजेंसी के विश्लेषण के अनुसार ग्वालियर में हवाई बुकिंग 58 फीसदी बढ़ी है। मध्यप्रदेश में भोपाल 86 फीसदी की वृद्धि के साथ आगे है, जबकि इंदौर में 82 फीसदी और रायपुर में 75 फीसदी का उछाल आया है।
इस बार 25 से 34 वर्ष के युवा यात्रियों की हिस्सेदारी भी खास है। हवाई बुकिंग में इस आयु वर्ग की हिस्सेदारी 29 फीसदी, बस में 26 फीसदी और ट्रेन में 23 फीसदी तक पहुंची है।
टिकट देर से लिया तो घूमने से पहले जेब घूमेगी
लॉन्ग वीकेंड का उत्साह जेब पर भारी पड़ सकता है। लगातार त्योहारों के कारण प्रमुख घरेलू हवाई मार्गों पर किराए में 100 से 200 फीसदी तक की वृद्धि दर्ज की गई है। ट्रैचल ऑपरेटर डॉ.छवि सिंघल के मुताबिक 27-28 अगस्त की तारीख नजदीक आने के साथ सीटें कम होने पर डायनेमिक प्राइसिंग के कारण किराया और बढऩे की आशंका है।
रक्षाबंधन वीकेंड का ट्रैवल फॉर्मूला