खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने बस स्टैंड पर लावारिस हालत में रखा मावे को जब्त किया और दूसरी टीम ने मोर बाजार में सैंपल लिए। इसके अलावा भोपाल प्रयोगशाला से हल्दी की जांच रिपोर्ट आने पर विक्रय प्रतिबंधित किया है। इस हल्दी को नकली रंग से पीला किया गया था। पत्रिका ने होली पर मावे […]
खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने बस स्टैंड पर लावारिस हालत में रखा मावे को जब्त किया और दूसरी टीम ने मोर बाजार में सैंपल लिए। इसके अलावा भोपाल प्रयोगशाला से हल्दी की जांच रिपोर्ट आने पर विक्रय प्रतिबंधित किया है। इस हल्दी को नकली रंग से पीला किया गया था। पत्रिका ने होली पर मावे पर कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर 26 फरवरी को खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद खाद्य विभाग ने मावे को पकड़ने की कार्रवाई की है।
खाद्य विभाग को मुखबिर ने सूचना दी कि बस स्टैंड पर लावारिस स्थिति में मावा रखा हुआ है। इस सूचना पर लोकेन्द्र सिंह, निरूपमा शर्मा और दिनेश सिंह निम की टीम ने बस स्टैंड ग्वालियर पर दबिश दी। यहां सड़क किनारे 22 डालियों में रखा करीब 880 किलो मावा और मीठा मावा लावारिस हालत में मिला, जिसकी कीमत लगभग 1.76 लाख रुपए आंकी गई है। टीम ने आसपास खड़ी बसों के स्टाफ और मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई भी मावा का मालिक सामने नहीं आया। करीब दो घंटे इंतजार के बाद पूरा स्टॉक जब्त कर न्यू कलेक्ट्रेट स्थित खाद्य सुरक्षा प्रशासन कार्यालय (कक्ष 221) लाया गया। विभाग ने साफ किया है कि संबंधित व्यक्ति 24 घंटे के भीतर वैध दस्तावेजों के साथ दावा पेश करे, अन्यथा नियमानुसार मावा का नष्ट कर दिया जाएगा। बस स्टैंड पर बाहर से आने वाली बसों और लोडिंग वाहनों की भी सघन जांच की गई। उधर, दूसरे दल बृजेश कुमार शिरोमणि, गोविन्द नारायण सरगैयां, सतीश धाकड़ और सतीश कुमार शर्मा ने मोर बाजार में मावा दुकानों पर छापामार निरीक्षण किया। जैन मावा भंडार, साई मावा भंडार, राठौर मावा भंडार, महावीर मावा भंडार और मनोज मावा भंडार से नमूने लिए गए। सभी सैंपल जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जाएंगे।
नकली रंग से रंगी हल्दी पर बैन: जेएमडी मसाला असुरक्षित घोषित
खाद्य सुरक्षा विभाग की भोपाल प्रयोगशाला से हल्दी की रिपोर्ट आई है। नकली रंग से हल्दी को पीला किया गया था। जांच में सामने आया कि नॉन-परमिटेड कलर मेटानिल येलो की मिलावट सामने आई, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माना जाता है। इसके बाद खाद्य विभाग ने जेएमडी मसाला हल्दी पाउडर का नमूना असुरक्षित पाए जाने पर बिक्री से प्रतिबंधित कर दिया। यह नमूना मुरार के सदर बाजार स्थित फर्म अजय ब्रदर्स से जांच के लिए लिया गया था। विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि यदि कोई भी फर्म या व्यक्ति प्रतिबंधित स्टॉक की बिक्री करता पाया गया, तो सख्त कार्रवाई होगी। नागरिकों से अपील की गई है कि ऐसी जानकारी मिलने पर मोबाइल नंबर 9575763575 पर तत्काल सूचना दें।
-इधर, न्यायालय द्वारा लगाए गए अर्थदंड जमा न करने पर भी विभाग ने सख्ती दिखाई है। सेठ ब्रदर्स, टीपी नगर पर दो लाख रुपए और मामा ट्रेडर्स, नीम वाली दरगाह के पास, शिंदे की छावनी पर एक लाख रुपए का जुर्माना अधिरोपित था, जिसे अब तक जमा नहीं किया गया। परिणामस्वरूप दोनों फर्मों के खाद्य लाइसेंस/पंजीयन निलंबित कर दिए गए हैं। निलंबन अवधि में इन्हें कारोबार बंद रखना होगा।