31 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ग्वालियर : एक जवान के जिम्मे 6 हजार वाहन, 13.81 लाख गाड़ियों के बोझ से हांफ रहा यातायात

त्योहारी सीजन शुरू होते ही शहर की सड़कें पैर रखने लायक नहीं बची हैं, और यातायात व्यवस्था संभालने वाला तंत्र पूरी तरह हांफ चुका है। परिवहन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार जिले में 13,81,984 रजिस्टर्ड वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इनमें बाहर से आने वाले और रजिस्टर्ड वाहनों का कोई हिसाब नहीं है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

ग्वालियर

•

image

Rahul Thakur

•

Updated: 31 Oct 2026, 6:22 PM IST

traffic

traffic

ग्वालियर. त्योहारी सीजन शुरू होते ही शहर की सड़कें पैर रखने लायक नहीं बची हैं, और यातायात व्यवस्था संभालने वाला तंत्र पूरी तरह हांफ चुका है। परिवहन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार जिले में 13,81,984 रजिस्टर्ड वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इनमें बाहर से आने वाले और रजिस्टर्ड वाहनों का कोई हिसाब नहीं है। इतने बड़े वाहन बोझ के मुकाबले जिले में यातायात पुलिस के पास कुल 229 पुलिसकर्मी ही तैनात हैं। यानी एक जवान पर करीब 6,094 वाहनों की निगरानी का जिम्मा है। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जहां वाहनों का दबाव सबसे ज्यादा है, वहां फोर्स सबसे कम है। नवरात्र से लेकर दीपावली तक महाराज बाड़ा और सराफा बाजार में रोजाना करीब 1.50 से 2 लाख वाहनों की आवाजाही रहती है। महाराज बाड़ा, सराफा, चावड़ी बाजार, नई सड़क, गश्त का ताजिया, इंदरगंज, जयेंद्रगंज, नया बाजार, लोहिया बाजार और रॉक्सी के बाजारों में यातायात संभालने की जिम्मेदारी कंपू यातायात थाना (पश्चिम क्षेत्र) की है, जहां केवल 62 पुलिसकर्मी तैनात हैं।

तीन यातायात थानों की तस्वीर
-झांसी रोड (मध्य क्षेत्र):
डीएसपी 1, निरीक्षक 2, सूबेदार 1, उपनिरीक्षक 1, एएसआई 8, हवलदार 25 और आरक्षक 46 — कुल 84 पुलिसकर्मी
-गोला का मंदिर (पूर्व क्षेत्र): डीएसपी 1, निरीक्षक 2, उपनिरीक्षक 1, एएसआई 10, हवलदार 15 और सिपाही 54 — कुल 83 पुलिसकर्मी
-कंपू (पश्चिम क्षेत्र): डीएसपी 1, निरीक्षक 2, उपनिरीक्षक 4, एएसआई 5, हवलदार 4 और आरक्षक 46 — कुल 62 पुलिसकर्मी
-यातायात पुलिसकर्मी बताते हैं कि यह गिनती केवल कागजों तक सीमित है। ऑफिस स्टाफ और वाहन चालकों को निकाल दें, तो करीब आधा बल फील्ड ड्यूटी से बाहर ही रहता है। सड़क पर यातायात संभालने वाला बल आधे से भी कम है। पुलिसकर्मी कहते हैं कि बाजार में पूरी फोर्स जितनी है, उतनी तो केवल एक एंट्री पॉइंट पर चाहिए। वहीं, थाना पुलिस मौके पर रहते हुए भी यातायात व्यवस्था से पल्ला झाड़ लेती है, जिससे हालात और बिगड़ते हैं।

22 मुख्य पॉइंट पर निगरानी का जिम्मा
दीनदयाल नगर, पिंटो पार्क, गोला का मंदिर, बारादरी, मानसिंह गेट, आकाशवाणी, स्टेशन बजरिया, राजमाता चौराहा, मोटल तानसेन, विवेकानंद चौराहा, थाटीपुर तिराहा, शिंदे की छावनी, हजीरा, केआरजी कॉलेज, महाराज बाड़ा, गांधी गोलांबर, गश्त का ताजिया, इंदरगंज, बहोड़ापुर तिराहा और सिकरौदा तिराहा — इन 22 मेन ट्रैफिक पॉइंट पर व्यवस्था संभाली जा रही है। बाजारों में पार्किंग का व्यवस्थित बंदोबस्त न होने से वाहन सड़क किनारे खड़े हो रहे हैं और जाम बढ़ रहा है। धनतेरस और दीपावली तक वाहनों का दबाव और बढ़ने की आशंका है।

वाहनों की संख्या के अनुसार यातायात पुलिस में बल की कमी है और त्योहारों में दबाव और बढ़ गया है। उपलब्ध बल से ही यातायात संचालित करने का प्रयास किया जा रहा है। धनतेरस और दीपावली के लिए अतिरिक्त बल मांगा जाएगा।
-अजीत सिंह चौहान, यातायात डीएसपी