
सारंगपुर-सलसलाई हाईवे पर हादसा (फोटो सोर्स: Patrika File)
Shajapur News : मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में देव दर्शन के लिए घर से निकला परिवार रास्ते में दर्दनाक सड़क हादसे की भेंट चढ़ गया। जिले के सारंगपुर-सलसलाई हाईवे पर गोदना के पास शनिवार को तेज रप्तार पिकअप की टक्कर के बाद बाइक सवार पति-पत्नी और उनके करीब एक साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुआ परिवार बोलाई में हनुमानजी के दर्शन करने के बाद अय्यापुर की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि क्षेत्र में भी शोक की लहर छा गई है।
बताया जा रहा है कि, आष्टा की इंद्रा कालोनी में रहने वाले 30 वर्षीय अजित पुत्र रामसिंह पंवार अपनी पत्नी 27 वर्षीय पूजा और एक साल के बच्चे के साथ बाइक पर सवार होकर बोलाई में हनुमानजी के दर्शन कर अय्यापुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सारंगपुर-सलसलाई हाईवे पर गोदना के पास पीछे से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि, बाइक सवारों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की जानकारी लगते ही सलसलाई पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी जनक सिंह रावत ने बताया कि, बाइक सवार परिवार हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से कुत्ता आ गया जिसे बचाने के चक्कर में पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में जा घुसी। पुलिस ने पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच मेंजुटी हुई है।
जिस परिवार ने घर से निकलते समय देव दर्शन और सुखद यात्रा की उम्मीद की होगी, उसकी यात्रा कभी पूरी नहीं हो सकी। पति, पत्नी और एक साल के बच्चे की एक साथ मौत से परिजन गहरे सदमे में है। जिस मासूम ने अभी दुनिया को ठीक से देखा भी नहीं था, वो भी इस हादसे का शिकार हो गया। फिलहाल, तीनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।
Updated on:
31 Oct 2026, 6:01 PM IST
Published on:
31 Oct 2026, 6:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.