
ग्वालियर। भिण्ड जिले के गोहद चौराहा थाना अंतर्गत एनएच ९२ पर छीमका के पास ट्रक व यात्री बस में आमने-सामने की भिड़ंत में बस पलट गई। हादसे में 36 वर्षीय बस चालक तथा सडक़ पर दौड़ रहे 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जबकि एक दर्जन से अधिक बस यात्री घायल हो गए हैं। घायलों में गोहद की तहसीलदार ममता शाक्य शामिल हैं। हादसा मंगलवार शाम सात बजे का है। जैसे ही यह हादसा हुआ लोगों में भगदड़ बन गई।
हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। वहीं पुलिस के अनुसार प्राइवेट बस भिण्ड से ग्वालियर के लिए शाम छह बजे रवाना हुई थी। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका के पास सामने से तेज गति में आ रहे ट्रक आरजे ११ जीबी २६०२ से भिड़ंत के बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में सडक़ पर सेना में भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ रहे मोती सिंह का पुरा निवासी १९ वर्षीय हरवीर सिंह जाटव पुत्र सोबरन सिंह व बस चालक विनोद माहौर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ट्रक व बस में भिड़ंत चालक साइड से हुई थी।
बस पलट जाने से बस में सवार आधा सैकड़ा से ज्यादा यात्रियों में से एक दर्जन से ज्यादा घायल हो गए जिनमें गोहद तहसील कार्यालय में पदस्थ तहसीलदार ममता शाक्य प्रमुख हैं।
गंभीर घायलों को तत्काल भिजवाया गया ग्वालियर
बस के अंदर फंसे गंभीर रूप से घायल 10 लोगों को पुलिस बल ने बाहर निकालने के उपरांत उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से तत्काल ग्वालियर जेएएच भिजवाया। गंभीर रूप से घायलों में सरकारी कर्मचारी अधिकारी बताए गए हैं जो गोहद तथा भिण्ड के विभिन्न शासकीय विभागों के दफ्तरों में पदस्थ होकर अक्सर डेली अपडाउन कर रहे थे।
हादसे के बाद जाम
हादसे की सूचना पर एसपी रूडोल्फ अल्वारेस, एएसपी गुरकरन सिंह सहित गोहद, एण्डोरी एवं मालनपुर थाने का बल भी मौके पर पहुंच गया था। हादसे के कारण आवागमन अवरुद्ध हो गया था। ऐसे में दोनों ओर से करीब १० किमी लंबा जाम हो गया था। पुलिस बल ने मशक्कत कर क्षतिग्रस्त ट्रक तथा बस को साइड में करने के उपरांत जाम खुलवाया।