Weather alert: मध्य प्रदेश के कई जिलों में अचानक मौसम बदला, कहीं बारिश आंधी, तो कहीं चमकी बिजली, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट 24 घंटे में फिर आ रहा नया पश्चिमी विक्षोभ, एक बार फिर लौट रही सर्दी
Weather Alert in MP: मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम बदल गया है। कई शहरों में बारिश, बूंदाबांदी के साथ आंधी, तो कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हुई। कहीं बादलों का जमघट लग गया। जिसके बाद मौसम में हल्की ठंड शुरू हो गई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (New Western Disturbance) आ रहा है। वहीं राजस्थान के पास एक चक्रवात (Cyclone) बन गया है। साथ ही बांग्लादेश से तेलंगाना और पश्चिमी बंगाल से ओडिशा होते हुए दक्षिणी छत्तीसगढ़ तक एक द्रोणिका बनी हुई है। जिससे हवाओं का रुख बदल गया है। बारिश, आंधी, तूफान आ रहे हैं। ऐसे में लोगों को एक बार फिर सर्दी के तेवर देखने होंगे।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिजीत चक्रवर्ती के मुताबिक इस समय उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय है, जो हवा के ऊपरी हिस्से में चक्रवात की तरह बना हुआ है। इसके प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के आसपास एक और चक्रवात विकसित हो गया है। इसके अलावा, बांग्लादेश से तेलंगाना और पश्चिम बंगाल से ओडिशा होते हुए भी दक्षिणी छत्तीसगढ़ तक द्रोणिका लाइन बनी हुई है। इन मौसमी बदलावों के कारण हवाओं में नमी बढ़ी हुई है, जिससे बादल बने हुए हैं। शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ जाएगा, जिससे हवाओं का रुख उत्तरी हो जाएगा। इसके चलते शनिवार से एक बार फिर रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
राजस्थान में बने चक्रवातीय घेरे की वजह से मध्य प्रदेश के कई जिलों में अचानक मौसम बदल गया। गुरुवार को ग्वालियर शहर में 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चली। इससे शहर की बिजली गुल हो गई। सुबह 10 बजे तक मुरार, लश्कर व उपनगर ग्वालियर में बिजली आपूर्ति बंद रही। आंधी के कारण शहर अस्तव्यस्त हो गया।
बुधवार-गुरुवार की रात शहर में तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई थी। रुक-रुककर बूंदाबांदी हुई, लेकिन सुबह 6 बजे बारिश की रफ्तार बढ़ गई। साथ ही आंधी भी चली। आंधी के कारण किसानों की खेतों में गेहूं की फसल लेट गई। सुबह 9 बजे तक बादल छाए रहे, लेकिन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच आसमान साफ हो गया। बारिश के कारण सुबह सर्दी का अहसास हुआ। धूप तेज होने पर दोपहर में राहत रही।
गरज-चमक के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग (IMD) ने 5.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की। दोपहर बाद चक्रवातीय घेरे का असर कमजोर पड़ गया। इससे आसमान साफ रहा, लेकिन बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई।