हनुमानगढ़. मारपीट के प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी की गुरुवार सुबह मौत हो गई। उसे कोर्ट ने जेल भेजने का आदेश दे रखा था। मगर मापदंडों के अनुसार आरोपी की कोविड जांच की रिपोर्ट आने तक उसे जंक्शन धानमंडी स्थित किसान भवन में स्थापित कोविड केयर सेंटर में रखा गया था।
कोविड केयर सेंटर में बंद आरोपी की मौत, कोविड जांच रिपोर्ट नेगेटिव
- मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम, रिपोर्ट में नेचुरल डेथ
- मारपीट के आरोप में किया गया था गिरफ्तार
हनुमानगढ़. मारपीट के प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी की गुरुवार सुबह मौत हो गई। उसे कोर्ट ने जेल भेजने का आदेश दे रखा था। मगर मापदंडों के अनुसार आरोपी की कोविड जांच की रिपोर्ट आने तक उसे जंक्शन धानमंडी स्थित किसान भवन में स्थापित कोविड केयर सेंटर में रखा गया था। उसकी मौत होने के बाद प्रशासन एवं पुलिस ने उसकी जांच रिपोर्ट मंगवाई। आरोपी की रिपोर्ट नेगेटिव आने पर जिला चिकित्सालय में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आरोपी की नेचुरल डेथ बताई गई। शरीर पर कहीं चोट आदि के निशान नहीं मिले।
पुलिस के अनुसार श्रवण कुमार (28) पुत्र देवीलाल नायक निवासी गांव मक्कासर को जंक्शन पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में 22 मार्च को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद आरोपी को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। मजिस्ट्रेट ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवाए जाने के आदेश दिए। इस पर जंक्शन पुलिस ने आरोपी श्रवण कुमार का कोरोना जांच के लिए सैम्पल करवा उसे जंक्शन धानमंडी स्थित कोविड केयर सेंटर में पुलिस की सुरक्षा में रखा। गुरुवार अल सुबह करीब 4 बजे श्रवण कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इस पर वहां तैनात पुलिस जवान उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर गए। लेकिन कुछ देर बाद ही श्रवण कुमार की मौत हो गई। सूचना मिलने पर एससी/एसटी सेल सीओ देवानंद व जंक्शन थाना प्रभारी नरेश गेरा कोविड केयर सेंटर पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली। न्यायिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। कानून व्यवस्था के मद्देनजर मौके पर आरएसी का जाब्ता भी बुलाया गया। डीएसपी प्रशान्त कौशिक के अनुसार आरोपी श्रवण कुमार का स्वास्थ्य परीक्षण भी करवाया गया था। सीजेएम की ओर से मामले की न्यायिक जांच की गई। तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड डॉ. शंकर सोनी, डॉ. विनोद मावंडिया तथा डॉ. राकेश फगेडिय़ा ने पोस्टमार्टम किया।