
संगरिया.
गांव हरिपुरा में संपति के कथित विवाद के चलते बीती रात दस जनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर रविवार सुबह न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। बावजूद इसके विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। जमानत का जुगाड़ कर रही मां-बेटी व अन्य महिला से दूसरे पक्ष ने मारपीट की।
मां-बेटी हस्पताल में उपचाराधीन हैं। गांववासी सरदूलसिंह ने बताया कि उसकी मां लक्ष्मी पत्नी मुंशीराम व बड़ी बहन कर्मजीत रविवार सायं करीब पांच बजे अपनी रिश्तेदार कुलदीप कौर (60) पत्नी रामसिंह कुम्हारसिख के घर जमानत बारे बातचीत व कागजात लेने गई तो वहां दूसरे पक्ष के भीम, देवीलाल, हरदम व बीरबल आदि ने लाठी व पाईप से उन्हें मारपीट की।
गंभीर हालत में वे हस्पताल में उपचाराधीन हैं। इससे पूर्व मकान पर कब्जा करने की नीयत से हरदम ने अपनी मासी कुलदीपकौर के घर में घुसकर दोपहर करीब डेढ़ बजे मारपीट कर घर से निकाल दिया।
तस्दीकशुदा जमानत नहीं दी तो दस को भेजा जेल
संगरिया. ग्राम हरिपुरा की रोही दो एसटीपी में मरने-मारने को उतारु दो परिवारों के दस जनों को व अशांति फैलाने के आरोप में शनिवार देर शाम पुलिस ने गिरफ्तार किया। जिन्हें रविवार सुबह प्रशिक्षु एसडीएम अशोक कुमार के समक्ष पेश किया गया। एसडीएम ने उन्हें शांति बनाए रखने के लिए पाबंद करते हुए प्रत्येक व्यक्ति से 10-10 हजार रुपए की तस्दीकशुदा जमानत मांगी। लेकिन उनके द्वारा नियमानुसार जमानत पेश नहीं करने पर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दे दिए। ढाबां चौकी प्रभारी एएसआई विजेंद्रकुमार ने बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे एक ही परिवार के दो पक्षों में जमीन तथा मकान के विवाद को लेकर तनातनी व झगड़ा हो गया। दोनों पक्ष संपत्ति पर कब्जा करने के लिए पहुंच गए। जिससे अशांति का माहौल पैदा हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची व कार्रवाई की।
हवलदार शाहरसूल ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने गांव हरिपुरा के वार्ड एक निवासी हरगोविंदसिंह (58) पुत्र आत्मासिंह कुम्हारसिख, उसके पुत्र रमेश (30), लखुवाली थाना पीलीबंगा निवासी बलवंतसिंह (68) पुत्र सुरजनसिंह, मोडीखेड़ा (पंजाब) निवासी रामसिंह (60) पुत्र आत्मासिंह, उसके पुत्र सर्दुलसिंह (35), बलजीतसिंह (29) पुत्र त्रिलोचनसिंह कुम्हारसिख, श्रीभगवान (40) पुत्र नानकराम मेघवाल, भाखरांवाली निवासी मखनसिंह (60) पुत्र सजनसिंह, सैक्टर 12 हनुमानगढ़ निवासी हरचंदसिंह (71) पुत्र बलवंतसिंह तथा वार्ड 6 मक्कासर (हनुमानगढ़) निवासी सुखवंतसिंह (40) पुत्र दलीपसिंह कुम्हारसिख को धारा 107, 116 (3), 151 सीआरपीसी में गिरफ्तार किया।