Hanumangarh Fire Incident: हनुमानगढ़ के मक्कासर गांव में शॉर्ट सर्किट से लगी आग के बाद विस्फोट होने से गैराज की छत उड़ गई और वाहन जलकर नष्ट हो गए।
हनुमानगढ़। निकटवर्ती गांव मक्कासर में किसान के घर के गैराज में आग लग गई। विस्फोट के साथ गैराज की छत उड़ गई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग में दो ट्रैक्टर और दो मोटरसाइकिलें जलकर कबाड़ हो गईं। इसके अलावा हजारों रुपए के उपकरण भी जल गए। सूचना मिलने पर हनुमानगढ़ से पहुंची दमकल और ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
यह वीडियो भी देखें
जानकारी के अनुसार मक्कासर के वार्ड नौ स्थित किसान सुभाषचंद्र पुत्र रामरख के घर के बाहर बने गैराज में दोपहर करीब पौने तीन बजे अचानक आग लग गई। इसकी वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है। गैराज में डीजल से भरा ड्रम और कुछ मात्रा में पेट्रोल रखा हुआ था, जो संभवत: शॉर्ट सर्किट से लगी आग की चपेट में आ गए। इसके कारण विस्फोट हुआ, जिससे गैराज की छत उड़ गई।
घटना में दो ट्रैक्टर और दो बाइक जल गए। बताया गया कि एक ट्रैक्टर कुछ माह पहले ही खरीदा गया था। आग ने बाहर खड़ी गेहूं की ट्रॉली को भी चपेट में ले लिया, मगर ज्यादा नुकसान होने से पहले ही ग्रामीणों ने ट्रॉली को बचा लिया। जंक्शन थाने का पुलिस जाप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस घटना की जांच में लगी हुई है।
वहीं निकटवर्ती गांव 4 बी एल डी में किराने और आटा चक्की की दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग लगने से जहां एक ओर दुकान में रखा किराने का सामान जलकर राख हो गया, वहीं दूसरी ओर दुकान के अंदर रखा गैस सिलेंडर फटने से दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और शटर भी टूट गया। गनीमत यह रही कि सिलेंडर फटने के बाद भी कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार गांव 4 बी एल डी में मांगीलाल पुत्र मालाराम की किराना और आटा चक्की की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। ग्रामीण भरत स्वामी ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने से पहले ही दुकान के अंदर रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे तेज धमाका हुआ और दुकान की दीवारें तथा प्रवेश के लिए लगा शटर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।