
पहले करनी पड़ी मनुहार, फिर लोग स्वत: लगाने लगे कतार, मगर अब मिल नहीं रही वैक्सीन लगातार
- जिले को एक सप्ताह में मिली महज 24200 वैक्सीन डोज
- संक्रमण बढऩे से बढ़ी खपत, एक दिन में 25 हजार तक टीकाकरण की क्षमता
- यदि यूं ही मिली वैक्सीन की सप्लाई तो एक मई से गड़बड़ाएगा टीकाकरण
अदरीस खान @ हनुमानगढ़. जिले में कोविड वैक्सीनेशन जब शुरू हुआ था तो चिकित्सा विभाग को टीकाकरण के लिए बहुत प्रयास करने पड़े थे। लोगों की मनुहार तक करनी पड़ी कि आओ टीका लगवा लो। चिकित्सा अधिकारियों और प्रशासन को जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर टीकाकरण में सहयोग करने की अपील करनी पड़ी। मगर जब से कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमण के मामले में बढ़े हैं तो लोगबाग स्वत:स्फूर्त ही टीकाकरण के लिए निर्धारित केन्द्रों पर पहुंच रहे हैं।
केन्द्रों पर कतार लगाकर टीकाकरण के लिए प्रतीक्षा तक कर रहे हैं। लेकिन जैसे-जैसे लोगों में टीकाकरण को लेकर जागरुकता और गंभीरता बढ़ी है, वैसे-वैसे कोविड वैक्सीन की आपूर्ति गड़बड़ानी शुरू हो गई है। स्थिति यह है कि जिले को गत सप्ताह प्रतिदिन के हिसाब से साढ़े तीन हजार से भी कम वैक्सीन की डोज मिली। और इससे पहले तो तीन हजार प्रतिदिन के हिसाब से भी वैक्सीन की डोज नहीं मिली। जबकि फिलहाल जिले में एक दिन में ही 20 हजार डोज से भी अधिक की खपत हो सकती है।
एक दिन में ही खपी
गत सप्ताह जिले को दो बार में केवल 24200 वैक्सीन डोज मिली। पहले 18 अप्रेल की शाम 19200 तथा बाद में 5000 डोज मिली। जबकि 19200 में से 17000 से अधिक डोज तो 19 अप्रेल को ही लगा दी गई थी। मतलब नब्बे प्रतिशत तक दवा एक ही दिन में खप गई। प्रतिदिन के हिसाब से जिले को साढ़े तीन हजार से भी कम कोविड वैक्सीन डोज मिली। जबकि चिकित्सा विभाग के निरंतर प्रयासों और चिकित्साकर्मियों के उत्कृष्ट कामकाज के चलते जिले में 20 हजार से अधिक वैक्सीन की डोज एक ही दिन में खपने की संभावना है। मगर इस संभावना के अनुरूप जब दवा की सप्लाई ही नहीं मिल रही है तो कोई क्या करे।
मिली 25 हजार डोज
जिले को रविवार शाम कोविड वैक्सीन की 25 हजार डोज मिली। इससे टीकाकरण सोमवार को पुन: टीकाकरण शुरू किया गया। इस तरह जिले में करीब तीन दिन के बाद टीकाकरण शुरू हो सका।
बंद की मजबूरी
जिले में दो सौ से अधिक प्रमुख टीकाकरण केन्द्र हैं। इनमें ही नियमित टीकाकरण हो तो 20 हजार डोज रोज खप सकती है। मगर वैक्सीन की सप्लाई कम होने के कारण इनमें से दर्जनों केन्द्र पर टीकाकरण बंद करना पड़ता है। इससे लोगबाग परेशान होते हैं। चिकित्सा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी पब्लिक का सामना करने में परेशानी आती है।
एक दिन में लगाने का लक्ष्य
जिले में अब कोविड वैक्सीनेशन को लेकर लोगों में जागरुकता एवं रुचि बढ़ी है। इसलिए खपत भी बढ़ रही है। जिले को 25 हजार डोज आवंटित हो चुकी है। हमारा प्रयास है कि उक्त 25 हजार डोज को टीकाकरण कर एक ही दिन में खपा दिया जाए। इससे जिले का डोज आवंटन का कोटा भी बढ़ सकेगा और टीकाकरण भी तेज गति से होगा। - डॉ. नवनीत शर्मा सीएमएचओ।
फैक्ट फाइल
टीकाकरण लक्ष्य - 553745
प्रथम डोज लगी - 192800
दूसरी डोज लगी - 07585