हनुमानगढ़

Rajasthan: ‘2 करोड़ रुपए नहीं दिए तो जान से मार देंगे’, सरपंच के बेटे के पास विदेशी नंबर से आया धमकी भरा कॉल

Extortion Threat Case: सरपंच के बेटे को वाट्सऐप ऑडियो कॉल के जरिए 2 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
less than 1 minute read
Extortion Threat Case
सहदेव बिश्नोई। फोटो: पत्रिका

हनुमानगढ़। संगरिया उपखंड क्षेत्र के मालारामपुरा की सरपंच के बेटे को वाट्सऐप ऑडियो कॉल के जरिए 2 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीडि़त की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामले के अनुसार वार्ड नंबर दो मालारामपुरा निवासी सहदेव बिश्नोई पुत्र अमीलाल ने रिपोर्ट में बताया कि 6 फरवरी सुबह करीब 9:27 बजे अंतरराष्ट्रीय नंबर से वाट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने दावा किया कि उसके पास पूरे परिवार की लोकेशन की जानकारी है। यदि दो करोड़ रुपए नहीं दिए तो अंजाम बुरा होगा।

परिवादी ने लगाई सुरक्षा की गुहार

धमकी में यह भी कहा गया कि परिवार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। घटना के बाद परिवादी ने सुरक्षा की मांग करते हुए कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

विदेशी नंबर से आई कॉल के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि साइबर माध्यम से दी गई धमकियों के मामलों में डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। मामले की जांच एएसआई राजेंद्र कुमार कर रहे हैं।

Updated on:
21 Feb 2026 02:58 pm
Published on:
21 Feb 2026 02:58 pm