हनुमानगढ़. लॉकडाउन के बीच पुलिस जाब्ते की मौजदूगी में नगर परिषद ने गुरुवार को टाउन क्षेत्र में तीन जगह अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की। सर्वप्रथम सुबह सात बजे टाउन के मेगा हाइवे पर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शुरू की गई।
पुलिस जाब्ते की बीच नगर परिषद ने चलाया पीला पंजा, लोगों ने कई जगह जताया विरोध
- सब्जी मंडी के पास दुकानदारों ने की नारेबाजी, पुलिस थाने में समझाइश के बाद दो दिन की दी मोहलत
हनुमानगढ़. लॉकडाउन के बीच पुलिस जाब्ते की मौजदूगी में नगर परिषद ने गुरुवार को टाउन क्षेत्र में तीन जगह अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की। सर्वप्रथम सुबह सात बजे टाउन के मेगा हाइवे पर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शुरू की गई। अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही के दौरान जिला कलक्टर की ओर से नियुक्त मजिस्ट्रेट, पुलिस जाब्ता व नगर परिषद की अमला मौजूद रहा। मेगा हाइवे रावतसर रोड पर फतेहगढ़ मोड के पास मकानों के आगे करीब 15 अतिक्रमण हटाए गए। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए जिला कलक्टर की ओर से मजिस्ट्रेट उपखण्ड अधिकारी कपिल यादव को नियुक्त किया गया। इसके अलावा सीओ सिटी प्रशान्त कौशिक, तहसीलदार दानाराम मीणा, आयुक्त पूजा शर्मा, नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल, उपसभापति अनिल खीचड़, अधिशासी अभियंता सुभाष बंसल, टाउन थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह राठौड़ सहित नगर परिषद के अन्य अधिकारियों के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ता व नगर परिषद के अमले ने अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की। फतेहगढ़ मोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी तो स्थानीय निवासी देवेन्द्र सहारण व डॉ. संदीप सहारण की ओर से विरोध किया गया। इस बीच अधिकारियों को कुछ दस्तावेज भी दिखाए। लेकिन न्यायालय की तरफ से स्थगन आदेश आदि जारी नहीं होने के कारण नगर परिषद की ओर से लगाई तीन एक्सक्वेटर मशीन ने अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही को जारी रखी। दरअसल नगर परिषद की ओर से इस मार्ग पर नाले का निर्माण किया जा रहा है। नाले का निर्माण फतेहगढ़ मोड से लेकर टाउन के ओवरब्रिज तक किया जाना है। नप की माने तो नई आबादी व आसपास के क्षेत्र में बरसाती पानी के जलभराव की समस्या है। इसके चलते नाला निर्माण करवाया जा रहा है। लेकिन कई जने अतिक्रमण नहीं हटा रहे थे। उल्लेखनीय है कि दो माह पूर्व नगर परिषद की ओर से डिवाइडर लाइन से पचास फीट की दूरी पर लाल निशान लगाने की कार्यवाही की थी। लोगों की मांग के चलते नप ने पुन: सर्वे कर डिवाइडर लाइन से करीब साढ़े 41 फीट पर निशान लगाने लगाने की कार्यवाही की। इसके बाद स्थानीय निवासी डॉ. संदीप सहारण ने पुराने दस्तावेजों के आधार पर जांच करने की मांग करते हुए पूर्व जिला कलक्टर से शिकायत की थी। इस पर जला कलक्टर की ओर से कमेटी का गठन किया गया था। कार्यवाही के दौरान सहायक अभियंता वेदपाल गोदारा, कनिष्ठ अभियंता विनोद पचार, कनिष्ठ अभियंता सतवीर कटारिया, सहायक अग्निशमन अधिकारी मोहम्मद युनुस खान, सफाई निरीक्षक प्रेमलता, स्वच्छता निरीक्षक जगदीश सिराव, विद्युत निरीक्षक प्रेमरत्न पारीक, वर्क मिस्त्री जीवन सिंह आदि मौजूद रहे।
नहीं मिला था पुलिस जाब्ता
कुछ दिन पहले भी नगर परिषद इस मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करने पहुंची थी। कार्यवाही के दौरान लोगों ने जमकर विरोध किया था। इसके चलते टीम को बैरंग लौटना पड़ा। इसके बाद नगर परिषद आयुक्त पूजा शर्मा ने जिला कलक्टर को पत्र लिखकर मजिस्ट्रेट नियुक्त करने व एसपी को पत्र लिखकर पुलिस जाब्ता देने की मांग की थी।
मुख्य बाजार में भी कार्यवाही
इसके बाद मुख्य बाजार स्थित ईशर हलवाई व जनता होटल के पास अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करते हुए दुकानों के आगे थड़े तोड़े गए। इस जगह पर मार्ग की चौड़ाई कम होने के कारण वाहनों के आवाजाही में परेशानी होती थी। नगर परिषद की जेसीबी जब मोदी टैक्सटाइल्स के थड़े तोडऩे का प्रयास करने लगी तो संचालक ने रोष प्रकट किया और नगर परिषद से संबंधित दस्तावेज दिखाए। इसके बाद नप की टीम ने आगे जाकर मदिरा दुकान के सामने अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की।
लोगों ने सूचना नहीं देने का लगाया आरोप
इसके बाद सब्जी मंडी क्षेत्र की दुकानों के आगे थड़े हटाकर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई। अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की सूचना मिलने पर दुकानदार इक्_े हो गए और नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने से संबंधित सूचना तक नहीं दी गई और लॉकडाउन में अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं। मामला बढ़ता देख कई दुकानदार पुलिस थाना पहुंच गए। इस बीच समझाइश कर दो दिन की मोहलत दी गई। नगर परिषद की माने तो हटाए गए अतिक्रमण की जगह निर्माण कर सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी।
भाजपा ने नगर परिषद पर साधा निशाना
भाजपा के मंडल अध्यक्ष व पार्षद प्रदीप ऐरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए नगर परिषद पर निशाना साधा। पार्षद प्रदीप ने आरोप लगाया कि नगरपरिषद अतिक्रमण हटाने के नाम पर लोगों के घरों और दुकानों को जो नुकसान पहुंचाया गया है। इस कार्यवाही का भारतीय जनता पार्टी उसका स्पष्ट विरोध करती है। कोरोना महामारी के इस दौर में जब हर इंसान अपने रोजगार व परिवार की सेहत को लेकर परेशान है। एक एक निवाला सभी के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। ऐसे समय मे लोगो की दुकानों और घरों के आगे तोड़ फोड़ करना अमानवीय है। हम प्रशासन से मांग करते है कि तोड़ फोड़ से जिनके सिर से छत चले गई जिनका बरसों की मेहनत से बनाया घरौंदा उजड़ गया। प्रशासन उनकी व्यवस्था करें। जिन दुकानदारों का नुकसान किया गया है उनको हर्जाना दिया जाए।
****************************