
जिले में करीब 50 हजार हेक्टेयर में खेती, मंडियों में आवक शुरू
-एमएसपी पर फसल खरीद का वादा हवा में
हनुमानगढ़. जिले में धान की खेती किसानों के लिए अब घाटे का सौदा साबित हो रही है। स्थिति यह है कि जिले की मंडियों में धान की आवक शुरू हो गई है। जंक्शन मंडी में इस समय करीब 2100 रुपए प्रति क्विंटल का भाव किसानों को मिल रहा है। दो दिन पहले जंक्शन मंडी में पहली ढेरी बिकने को आई। इसके बाजार भाव 2141 रुपए प्रति क्विंटल रहे। जबकि अबकी दफा जिले में धान का एमएसपी 2360 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इस तरह वर्तमान में करीब 200 रुपए प्रति क्विंटल का नुकसान किसान उठा रहे हैं।
चालू खरीफ सीजन में जिले में करीब 50 हजार हेक्टेयर में धान की खेती की गई है। बताया जा रहा है कि नवरात्र में मंडियों में धान की बम्पर आवक शुरू हो जाएगी। परंतु एमएसपी पर खरीद को लेकर अब तक असमंजस की स्थिति है। ऐसे में इस बार भी किसानों को बड़ा नुकसान होगा। जिले में अगले सप्ताह तक हनुमानगढ़ जंक्शन, हनुमानगढ़ टाउन, टिब्बी, डबलीराठान, तलवाड़ा झील, संगरिया व पीलीबंगा मंडी में धान की अच्छी आवक होगी। जल्द मंडियों में सरकारी खरीद को लेकर केंद्र स्वीकृत करने की जरूरत है। घग्घर नदी क्षेत्र में प्रति बीघा 16 से 20 क्विंटल के बीच धान का उत्पादन संभावित है। ऐसे में किसान संगठन तत्काल धान की सरकारी खरीद शुरू करने की मांग कर रहे हैं। परंतु सरकार स्तर पर स्वीकृति नहीं मिलने से सरकारी खरीद को लेकर स्थिति साफ नहीं हो रही है।
बाजार भाव तथा एमएसपी में काफी अंतर
राज्य सरकार ने गत दिनों केंद्र सरकार को पत्र लिखकर जिले में धान की सरकारी खरीद शुरू करने की सिफारिश की है। वर्ष 2021-22 में हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर जिले में 7357 एमटी धान की सरकारी खरीद की गई थी। इसी क्रम मेें केंद्र सरकार से आग्रह किया गया है कि चालू खरीफ सीजन में 23.33 लाख क्विंटल धान उत्पादन संभावित है। वर्तमान में परमल धान के बाजार भाव का जिक्र करके 2030 से 2100 रुपए प्रति क्विंटल होने का उल्लेख भी प्रस्ताव में किया गया है। जबकि एमएसपी 2369 से 2389 रुपए प्रति क्विंटल है। बाजार भाव व एमएसपी में भारी अंतर होने की वजह से दोनों जिलों में एमएसपी पर धान खरीद शुरू करने की मांग की गई है।