हनुमानगढ़. भाजपा के हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर जिले के पदाधिकारियों तथा जन प्रतिनिधियों ने सोमवार को पूर्व जल संसाधन मंत्री डॉ. रामप्रताप के नेतृत्व में सिंचाई समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिला कलक्टर नथमिल डिडेल से मुलाकात की।
भाखड़ा, आईजीएनपी व गंग कैनाल में रेग्यूलेशन बनाकर मिले पूरा सिंचाई पानी
- सिंचाई समस्याओं को लेकर दो जिलों के जनप्रतिनिधि मिले कलक्टर से
- इंदिरा गांधी नहर के रीलाइनिंग कार्य में अमानक निर्माण की शीघ्र जांच की उठाई मांग
हनुमानगढ़. भाजपा के हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर जिले के पदाधिकारियों तथा जन प्रतिनिधियों ने सोमवार को पूर्व जल संसाधन मंत्री डॉ. रामप्रताप के नेतृत्व में सिंचाई समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिला कलक्टर नथमिल डिडेल से मुलाकात की। इस दौरान रेग्यूलेशन बनाकर किसानों को पूरा पानी देने, सिंचाई समस्याओं के शीघ्र समाधान तथा आईजीएनपी के रीलाइनिंग कार्य में अमानक निर्माण कार्य की शीघ्र जांच करवा कर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की।
शिष्टमंडल ने जिला कलक्टर को किसानों की समस्याओं से अवगत करवाते हुए कहा कि भाखड़ा व इंदिरागांधी नहर में लगभग 70 दिनों की बंदी के बाद किसानों को पूरा सिंचाई पानी नहीं मिल रहा है। बीबीएमबी से भाखड़ा की नहरों में 1200 क्यूसेक का शेयर निर्धारित होने के बावजूद पेयजल के लिए मारामारी मची है। यही हाल इंदिरागांधी नहर, अमरसिंह, गंग कैनाल तथा सिधमुख नहर परियोजना का है। शिष्टमंडल ने चेतावनी देते हुए कहा कि तत्काल किसान हित में उपरोक्त समस्याओं का समाधान किया जाए तथा मांग पूरी की जाए। शीघ्र ऐसा नहीं किया गया तो कोरोना महामारी के बावजूद किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए भाजपा संघर्ष का रास्ता अपनाएगी। इसकी सारी जवाबदेही राज्य सरकार की होगी। भाजपा शिष्टमंडल में सांसद निहालचंद मेघवाल, भाजपा श्रीगंगानगर जिलाध्यक्ष आत्माराम तरड़, भाजपा हनुमानगढ़ जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई, सूरतगढ़ विधायक रामप्रताप कासनिया, संगरिया विधायक गुरदीपसिंह शाहपीनी, अनूपगढ़ विधायक संतोष बावरी, रायसिंहनगर विधायक बलबीर लूथरा, पीलीबंगा विधायक धर्मेंद्र मोची, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कैलाश मेघवाल, भाजपा प्रदेश मंत्री विजेंद्र पूनिया, हनुमानगढ़ जिला मीडिया प्रभारी दीपक खाती आदि शामिल रहे।
इन समस्याओं के समाधान की उठाई मांग
शिष्टमंडल ने भाखड़ा नहर में 1200 क्यूसेक सिंचाई पानी तुरंत देने की मांग की। इंदिरा गांधी नहर परियोजना में रेग्यूलेशन बनाकर किसानों को सिंचाई पानी उपलब्ध कराने की मांग उठाई। इससे किसानों की खरीफ फसल की बिजाई हो सकेगी। गंग कैनाल की टेल पर सिंचाई पानी पूरा करने की मांग दोहराई। इसके अलावा शिष्टमंडल ने कहा कि अमरसिंह व सिद्धमुख नहरों में इतनी लंबी बंदी के बावजूद 355 के स्थान पर मात्र 180 क्यूसेक पानी चल रहा है। अत: शेष पानी की तत्काल व्यवस्था की जाए ताकि किसानों को राहत मिल सके। इंदिरा गांधी नहर परियोजना में बंदी के दौरान पंजाब व राजस्थान क्षेत्र में जहां भी अमानक निर्माण की शिकायतें मिली हैं, उनकी तत्काल उच्च स्तरीय जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।