कोरोना वायरस ने फिर बढ़ाई टेंशन, रहना होगा सतर्क- जिले में अब तक 30164 रोगी कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं।हनुमानगढ़. कई राज्यों में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों ने एक बार फिर से टेंशन बढ़ा दी है।
कोरोना वायरस ने फिर बढ़ाई टेंशन, रहना होगा सतर्क
- जिले में अब तक 30164 रोगी कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं।
हनुमानगढ़. कई राज्यों में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों ने एक बार फिर से टेंशन बढ़ा दी है। ऐसे में कोरोना की चौथी लहर की आशंका जताई जाने लगी है। हमें फिर से सार्वजनिक स्थलों में मास्क पहनना अनिवार्य करना होगा। जिले में 4 लाख 73 हजार 183 लोगों की जांच की जा चुकी है। इनमें से अब तक कोरोना वायरस के 30164 केस सामने आ चुके हैं। वहीं 292 लोगों की कोरोना वायरस से मौत हो चुकी है। प्रथम लहर में 47 लोगों की मौत हुई थी। द्वितीय लहर में 242 लोगों की मौत हुई थी। वहीं तीसरी लहर में तीन जनों की मौत हुई है। चौथी लहर आने से पहले हमें कोरोना वायरस के बचाव के लिए गाइडलाइन की अभी से पालना करना होगी। इन दिनों जिला अस्पताल में सर्दी, खांसी व जुकाम के रोगी सामने आ रहे हैं। जिला अस्पताल में सोमवार को ओपीडी की संख्या 2068 थी तो मंगलवार को ओपीडी की संख्या 1570 रही। जानकारी के अनुसार बच्चों में भी डायरिया, उलटी व वायरल के केस बढ़ रहे हैं। ऐसे में ये लक्षण कोरोना वायरस का रूप नहीं ले लें। इसके लिए समय पर चिकित्सक की सलाह लें ताकि शुरूआती लक्षण में परामर्श व दवा मिलने से रोगी पूर्णतय ठीक हो जाए।
15 से 45 उम्र के रोगी आए चपेट में
आंकड़ों के मुताबिक 30164 पॉजिटिव रोगी में से 15 से 45 वर्ष से अधिक उम्र के थे। इनमें 13347 पुरूष व 6625 महिला रोगी थी। कुल 19972 जनें संक्रमित हुए थे। जिनकी उम्र 15 से 45 वर्ष थी। 14 वर्ष तक 1794 बच्चे संक्रमित हुए थे। 46 से 60 तक 5735 कोरोना वायरस की चपेट में आए थे। वहीं 60 वर्ष से अधिक 2659 जनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
तीसरी लहर में तीन की मौत, डेल्टा प्लस था वेरियंट
तीसरी लहर में जिले में तीन जनों की मौत हुई थी। तीसरी लहर में जितने भी रोगी वायरस की चपेट में आए थे। उनमें डेल्टा प्लस वेरियंट था। हालांकि यह वेरियंट साधारण था। इसलिए लोगों में कोरोना वायरस के लक्षण कम दिखे थे। जो लोग पॉजिटिव आए थे। उनके वेरियंट की पहचान करने के लिए सैंपल जयपुर भेजे गए थे। स्वास्थ्य विभाग ने इन सभी में डेल्टा प्लस वेरियंट की पुष्टि की थी।
मार्च 2020 फिर मार्च 2021 में केस आने लगे थे सामने
कोरोना वायरस की प्रथम लहर मार्च 2020 में आई थी। जिले में अप्रेल 2020 में 11 केस सामने आए थे। मार्च 2021 में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के केस सामने आने लगे थे।मार्च 2021 में जिले में 144 केस सामने आए थे। अप्रेल में 6039 केस, मई में सर्वाधिक 12074 पॉजिटिव रोगी सामने आए थे। इसके बाद कोरोना के केस कम होने लगे थे। जून में 1736 तो जुलाई में 141 केस आए थे। कोरोना वायरस की तीसरी लहर के सबसे ज्यादा रोगी जनवरी 2022 में सामने आए। जिले में 5036 पॉजिटिव केस मिले तो फरवरी में 1289 पॉजिटिव रोगी मिले। मार्च 2022 में 111 पॉजिटिव रोगी सामने आए थे। अप्रेल में 635 जनों की कुल जांच की गई इसमें से एक भी जने की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है।