- कुछ घंटे पूर्व ही पीहर से ससुराल आई थी मृतका- पति सहित तीन के खिलाफ मामला दर्ज
हनुमानगढ़. टिब्बी क्षेत्र की मसीतांवाली हैड के पास स्थित चक तीन आरडब्ल्यू-बी में स्थित ढाणी में एक युवक ने शराब के नशे में धुत्त होकर अपनी पत्नी के सिर पर नलके की हत्थी से वार कर हत्या कर दी। आपसी अनबन की वजह से पति के अपनी पत्नी की हत्या किए जाने की जानकारी आसपास के लोगों को सोमवार सुबह मिली तो इसकी सूचना तलवाड़ा झील पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में ले लिया तथा आरोपी पति को राउंडअप कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका रविवार दोपहर को ही अपने पीहर से एक पखवाड़े बाद लौटी थी। इस सम्बंध में तलवाड़ा झील पुलिस ने मृतका के भाई के आरोपों के आधार पर मृतका के पति उसकी सास व देवर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार चक मनफूल सिंह वाला पुलिस थाना लालगढ जाटान श्रीगंगानगर निवासी सुधीर पुत्र रामनारायण नायक ने मामला दर्ज करवाया कि उसकी बहन सुमन (३५) की शादी करीब १५ साल पहले चक ३ आरडब्ल्यू-बी निवासी राजू उर्फ राजकुमार नायक पुत्र भगवानाराम के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति राजू उर्फ राजकुमार, सास लिछमा देवी व देवर मलूराम उसकी बहन को तंग परेशान करते थे। रविवार रात को उसके पति राजू उर्फ राजकुमार ने शराब के नशे में नलके की हत्थी से सिर पर वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतका के भाई के आरोपों के आधार पर मृतका के पति के साथ उसकी सास लिछमा देवी व देवर मलूराम के खिलाफ भी हत्या का मामला दर्ज किया है।
नहर में कूदा आरोपी
सुमन की हत्या की सूचना मिलने पर चक तीन आरडब्ल्यू-बी में तलवाड़ा झील पुलिस के पहुंचने पर हत्या आरोपी राजू उर्फ राजकुमार पास से गुजर रही इंदिरा गांधी नहर में कूद गया। लेकिन नहर में पानी कम होने के कारण मौके पर मौजूद ग्रामीणों व पुलिसर्मियों ने उसे नहर से निकाल लिया तथा पुछताछ के लिए राउंडअप कर लिया।
कुछ घंटे पहले ही पीहर से लौटी थी
अपने पति के हाथों दर्दनाक मौत का शिकार हुई सुमन कुछ घंटे पूर्व ही पीहर से अपने ससुराल आई थी। बताया गया है कि सुमन एक पखवाड़े पूर्व अपने पीहर गई थी तथा रविवार दोपहर करीब दो-तीन बजे सुसराल आई थी। शाम को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन हुई। जिसके बाद रात को करीब ११-१२ बजे नलके की हत्थी से राजू ने सुमन के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। सुमन के दो पुत्र हैं। जिनमें एक अपने ननिहाल रहता है तथा दूसरा अपने माता-पिता के साथ रहता था।
पोस्टमार्टम करवा शव सौंपा
विवाहिता की हत्या की सूचना पर मौके पर पहुंचे तलवाड़ा झील थाना अधिकारी लखवीर सिंह ने मृतका के शव को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की मोर्चरी में पहुंचाया। जहां पर मेडिकल टीम ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाया। बाद में पुलिस ने मृतका के पीहर पक्ष के लोगों का उसका शव सुपुर्द कर दिया। थानाधिकारी लखवीर सिंह के अनुसार आरोपी से प्रारम्भिक पूछताछ में आपसी कलह के कारण हत्या किया जाना सामने आया है। आरोपी को राउड़अप करके उससे हत्याकाण्ड के कारण तथा इसमें ओर किसी के शामिल होने की जानकारी जुटाई जा रही हैै।