रावतसर (हनुमानगढ़). निकटवर्ती ग्राम पंचायत धन्नासर के चक धन्नासर बारानी में अनूपगढ़ से नरमा चुगाई के लिए आए एक परिवार में पति-पत्नी की आपसी कलह हत्या का कारण बन गई।
चरित्र पर शक के चलते धारदार हथियार से काटा पत्नी का गला
- चक धन्नासर बारानी में वारदात
- नरमा चुगाई के लिए आया हुआ था परिवार
रावतसर (हनुमानगढ़). निकटवर्ती ग्राम पंचायत धन्नासर के चक धन्नासर बारानी में अनूपगढ़ से नरमा चुगाई के लिए आए एक परिवार में पति-पत्नी की आपसी कलह हत्या का कारण बन गई। सोमवार देर रात पति ने धारदार हथियार से पत्नी का गला रेत कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार अजय कुमार पुत्र बंशीलाल निवासी बाड़ा कॉलोनी, अनूपगढ़ ने मामला दर्ज करवाया कि उसकी माता कांता देवी व उसका भाई विजय कुमार नरमा चुगाई के लिए कृष्ण सिहाग के खेत में आए हुए थे। लगभग 7-8 दिन पूर्व ही वह भी परिवार के साथ नरमा चुगाई के लिए आया। पिता बंशीलाल को माता कांता देवी के चरित्र पर शक था। इस कारण वह उसके साथ रोजाना मारपीट करता था। सोमवार को दिन में पिता बंशीलाल ने माता को जान से मारने की धमकी दी थी। सोमवार को दिन भर चुगाई के बाद वह, उसका भाई विजय कुमार व माता कांता देवी नरमा चुगाई कर अपने झोंपड़े में आ गए तथा खाना खाकर सो गए। पिता बंशीलाल पेट दर्द का बहाना कर रावतसर की तरफ आए हुए थे। वह रात्रि में काफी देरी से वापस आए।
अजय ने पुलिस को बताया कि वह अपनी माता से थोड़ी दूर अपने भाई के पास सो रहा था। रात्रि लगभग साढ़े 11 बजे झोंपड़े के पास कुत्तों के भोंकने की आवाज आई तो जाग कर देखा। पिता बंशीलाल माता कांता देवी के साथ हाथापाई कर रहा था। इतने में ही विजय कुमार भी जाग गया। तभी भागकर माता के पास गए तो पिता बंशीलाल फरार हो गया। माता के गले से खून बह रहा था। पिता ने किसी धारदार हथियार से उनका गला काट दिया था। खेत मालिक कृष्णलाल सिहाग को फोन किया। थोड़ी देर बाद खेत मालिक व पुलिस मौके पर पहुंची व कान्ता देवी को स्थानीय राजकीय चिकित्सालय पहुचाया। वहां डॉक्टरों ने कान्ता देवी को मृत घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।