- सुनवाई नहीं होने पर सड़क निर्माण कार्य रूकवाने का उठाएंगे कदम- किसानों ने कई जगह रूकवाया निर्माण कार्य
जाखड़ांवाली. ग्राम के पास से निकल रही नेशनल हाईवे ७५४ के. भारतमाला सड़क निर्माण के तहत बीच में आए सिंचाई खाळों पर बनाए जा रहे पुलियों का लेवल सही नहीं होने व पुलियों का साईज काफी कम होने पर मंगलवार सुबह करीब दस बजे ग्राम पंचायत चक ६ बीएचएम सरपंच रोशनलाल छाछीया के नेतृत्व में पहुंचे ७५४ के संघर्ष समिति सदस्यों ने कई जगह कार्य बंद करवा दिया।
जानकारी के अनुसार सड़क निर्माण के दौरान बनाए जा रहे पुलियों का साईज ६.५ गुणा ४ फीट साईज रखा जा रहा है मगर किसान ६ गुणा ६ फीट साईज के पुलिया निर्माण करके किसानों को पानी रखवाली के लिए आवागमन का रास्ता छोडऩे की मांग कर रहे है। चक ३ बीएचएम में दो जगह व चक ४ बीएचएम में कृष्णलाल बगड़ीया के खेत के पास चल रहे पुलियों के निर्माण को किसानों ने रूकवाकर विरोध जताया। किसानों का कहना है कि चक ४ बीएचएम में बनाए जा रहे पुलिया का बेड लेव पूर्व में बने सिंचाई खाळे से करीब ढ़ाई फीट नीचा बनाया जा रहा है। जिससे किसानों को सिंचाई पानी लाने में भारी परेशानी का सामना करने पड़ेगा, वहीं सिचाई खाळा टूटने का खतरा रहेगा। किसानों ने मौके पर मौजूद मजदूरों व इंजीनियरों को कार्य बंद करने के लिए पाबंद किया।
किसानों का कहना है कि अगर अभी भी हमारी जायज मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो भारतमाला सड़क का निर्माण कार्य रूकवाया जाएगा। इस मौके पर किसान वेदप्रकाश गोदारा, पालाराम पूनियां, संदीप, तेजाराम, रामकुमार नाई, मोहनलाल जाखड़, हनुमान, मोहनलाल, गांधीराम गोदारा, पूर्णाराम, प्रकाश, रेंवतराम पटीर, बलराम, पालाराम छाछीया, चेतराम सुथार, कृष्णलाल नाई सहित कई किसान मौजूद हुए।
संयुक्त किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
पीलीबंगा. धान की सरकारी खरीद शीघ्र शुरू करने, विद्युत उपकरणों को खुर्दबुर्द करने, किसानों के कृषि कनेक्शन, बेरोजगारी, निजीकरण व पेट्रोलियम पदार्थों के बढ़ते दाम आदि मुद्दों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने लखीमपुरखिरी मामले में केन्द्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त कर गिरफ्तार करने की मांग की। इससे पूर्व संयुक्त किसान मोर्चा के गोपाल बिश्रोई, मनीराम मेघवाल, बलराज संधू, निखिल बिश्रोई के नेतृत्व में अनेक कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय के सामने एकत्रित हुए।
मोर्चा के मनीराम मेघवाल ने बताया कि धान की खरीद शुरू नहीं होने से किसान परेशान है। यदि अविलम्ब खरीद शुरू नहीं की गई तो किसानों को मजबूरन आंदोलन करना पड़ेगा। गोपाल बिश्रोई ने लम्बे समय से कृषि कनेक्शन नहीं होने से किसानों की परेशानी से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि एवरेज के नाम पर उपभोक्ताओं को बेवजह आर्थिक चूना लगाया जा रहा है। बड़ी राशि के बिल थमाकर निगम उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहा है। इस अवसर पर चरणप्रीतसिंह बराड़, गुरजीवनसिंह, गोपाल बिश्रोई, मक्खणसिंह सिद्धू, रामचंद्र कस्वां, श्रवणसिंह, रामनिवास भादू, यूनूस खान, परमिन्दरसिंह, गुरलाल लाली, सुखपालसिंह, प्रकाश दयोल, निखिल बिश्रोई, जसकरणसिंह, देवेन्द्र मांझू, अनिल चौधरी, चुन्नीलाल, डिप्टी बाजीगर, शेरसिंह, शकूरखान, दिनेश यादव, धर्मवीर नागर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। (पसं)