हनुमानगढ़

‘बाप-बेटी को आत्महत्या के लिए किया मजबूर, अब राजीनामे के लिए धमका रहे’

https://www.patrika.com/hanumangarh-news/  
2 min read
baap-beti ke aatamhatya ka mamla
‘बाप-बेटी को आत्महत्या के लिए किया मजबूर, अब राजीनामे के लिए धमका रहे’

‘बाप-बेटी को आत्महत्या के लिए किया मजबूर, अब राजीनामे के लिए धमका रहे’
- मृतकों के परिजनों पर राजीनामे का दबाव डालने तथा नुकसान पहुंचाने की धमकी
- पीडि़त परिवार ने मांगी सुरक्षा
हनुमानगढ़. पहले बदमाशों ने बाप-बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया। अब उनके परिजन राजीनामे का दबाव डाल रहे हैं। ऐसा नहीं करने पर नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहे हैं। आरोपितों के परिजनों को पाबंद कर पीडि़त परिवार के सदस्यों को सुरक्षा मुहैया कराई जाए। गांव सहजीपुरा के ग्रामीणों व पीडि़त परिवार के सदस्यों ने गुरुवार को एडीएम प्रभातीलाल को ज्ञापन सौंपने के दौरान यह पीड़ा व्यक्त की। करीब एक माह पहले सहजीपुरा निवासी पिता-पुत्री ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। इस संबंध में सदर थाने में कई युवकों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज कराया गया था। इसी प्रकरण में आरोपितों के परिजनों पर पीडि़त पक्ष पर राजीनामे के लिए दबाव डालने व राजीनामा नहीं करने पर नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए जा रहे हैं। एडीएम ने ग्रामीणों व पीडि़त परिवार के सदस्यों को उचित कार्यवाही का भरोसा दिलाया।
ज्ञापन में बताया कि 15 पन्द्रह वर्षीय पुत्री कल्पना के साथ आत्महत्या करने वाले संदीप बाजिया (38) के पिता देवीलाल जाट के घर मंगलवार को गांव का ही रामचन्द्र पुत्र भागाराम नायक शराब पीकर घुस आया। उसने पुत्रवधू को धमकाते हुए कहा कि तेरे पति व पुत्री को मरने के लिए विवश करने का जो मुकदमा मेरे पुत्रों पर चल रहा है, उसमें राजीनामा कर लो। ऐसा नहीं किया तो तुम्हें मार दूंगा। इसकी सूचना डबलीराठान चौकी पुलिस को दी गई। पुलिस उसे अपने साथ ले गई। इस संबंध में रामचन्द्र के खिलाफ महिला थाने में पुत्रवधू ने मामला भी दर्ज करवा दिया। इस मामले की पड़ताल के लिए बुधवार को जब महिला थाने की पुलिस गांव आई। पुलिस के जाने के बाद रामचन्द्र की पत्नी, पुत्र व परिवार के अन्य सदस्यों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। ज्ञापन देने वालों में सुरेन्द्र भोभिया, कालूराम चोटिया, इन्द्राज चोटिया, आदराम चोटिया, भालाराम सहारण, गिरधारी बाजिया, केवल सिंह, मुकेश सहारण, सतीश गोदारा, राजेन्द्र चोटिया, देवीलाल बाजिया, जिम्मी गुप्ता, जोगेन्द्रसिंह चहल आदि शामिल रहे।
कई दिनों बाद मिला था शव
गौरतलब है कि दो जनवरी को सुबह सदर थाना क्षेत्र के गांव सहजीपुरा निवासी संदीप बाजिया व उसकी पुत्री कल्पना के जूत्ते व मोबाइल फोन मसीतांवाली हैड के पास इंदिरा गांधी नहर के किनारे मिले थे। नजदीक ही उनकी कार भी खड़ी थी। पिता-पुत्री के नहर में गिरने की आशंका के चलते पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू करवाई। नहर में कूदने के करीब दस दिन बाद 10-11 जनवरी की रात पिता-पुत्री के शव तलवाड़ा थाना क्षेत्र के गांव डबली खुर्द के पास बरामद हुए थे। इस संबंध में सदर थाने में संदीप बाजिया के पिता ने चार जनवरी को मामला दर्ज कराया। आरोप लगाया गया कि विक्की पुत्र रामचन्द्र धानक निवासी सहजीपुरा उसकी पौत्री कल्पना से फोन कर अश्लील बातें कर उसे बदनाम करने की धमकी देता था। इसमें उसका भाई सचिन व चचेरा भाई भी साथ देता था। तीनों ने संदीप को धमकी दी कितुम्हारी बेटी को मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ेंगे। इससे परेशान होकर उसके पुत्र व पौत्री ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों भाइयों विक्की धाणक व सचिन को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि तीसरे आरोपित किशोर को निरुद्ध कर किशोर सुधार गृह भिजवा दिया।

Published on:
07 Feb 2019 09:34 pm