हनुमानगढ़

मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास आज, पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल शिलान्यास

मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास आज, पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल शिलान्यास- उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी, एमपी व एमएलए करेंगे शिरकत, टाउन जिला अस्पताल में होगा कार्यक्रमहनुमानगढ़. आखिरकार जिले में मेडिकल कॉलेज के निर्माण की नींव गुरुवार को रखी जाएगी।

2 min read
मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास आज, पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल शिलान्यास

मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास आज, पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल शिलान्यास
- उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी, एमपी व एमएलए करेंगे शिरकत, टाउन जिला अस्पताल में होगा कार्यक्रम
हनुमानगढ़. आखिरकार जिले में मेडिकल कॉलेज के निर्माण की नींव गुरुवार को रखी जाएगी। मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास पीएम मोदी वर्चुअल करेंगे। कार्यक्रम टाउन स्थित जिला अस्पताल की एमसीएच की नई यूनिट में होगा। कार्यक्रम सुबह ग्यारह बजे से होगा। करीब सवा ग्यारह बजे रिमोट के बटन को दबाकर सिरोही मेडिकल कॉलेज, हनुमानगढ़, बांसवाड़ा व डोसा मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया जाएगा। इस दौरान सीएम अशोक गहलोत भी संबोधन करेंगे। अंत में पीएम मोदी का संबोधन होगा। राज्य सरकार की ओर से उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी जिला अस्पताल में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा एमपी निहालचंद मेघवाल, विधायक चौधरी विनोद कुमार, पूर्व विधायक डॉ. रामप्रताप सहित करीब सौ जनप्रतिनिधि शामिल हो सकते हैं। गौरतलब है कि हनुमानगढ़ में मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए 300 करोड़ के बजट की स्वीकृति जनवरी 2020 में मिली थी। इसमें से 60 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार व 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार वहन करेगी। उल्लेखनीय है कि देश में 5 नए मेडिकल कॉलेज को केंद्र सरकार ने जनवरी 2020 में वित्तीय स्वीकृति जारी की थी।

बाइपास पर शुरू होगा निर्माण
मेडिकल कॉलेज का निर्माण अबोहर-नवां बाइपास पर शुरू होगा। सर्वप्रथम बाइपास पर 40 बीघा भूमि का आवंटन मेडिकल कॉलेज के लिए किया गया था। इसके बाद मेडिकल कॉलेज कमेटी ने 16 बीघा अतिरिक्त भूमि आवंटन की और मांग की थी। इस जगह का आवंटन भी नगर परिषद की ओर से किया जा चुका है। वहीं मेडिकल कॉलेज की मुख्य इमारत जिला अस्पताल होगी और यह भवन छह मंजिला होगा। इनमें बेड की संख्या 430 होगी। छह मंजिला इमारत में जनरल मेडिसन के चार वार्ड होंगे। प्रत्येक वार्ड में 25 बेड होंगे, जनरल सर्जरी के भी चार वार्ड होंगे, इनमें बेड की संख्या सौ होगी। बच्चों के इलाज के लिए दो वार्ड होंगे, प्रत्येक वार्ड में 50 बच्चों को भर्ती करने की सुविधा होगी। 50-50 बेड की क्षमता के दो जेएसएसवाई वार्ड होंगे। कान-नाक व गले से संबंधित रोगी के इलाज के लिए अलग से एक वार्ड होगा, इसमें बेड की संख्या दस होगी। इसके अलावा आखों के रोगियों के परामर्श व भर्ती करने की एक यूनिट होगी। अस्पताल परिसर का क्षेत्रफल कम होने के कारण एलीवेटेड पार्किंग की योजना तैयार की गई है। हनुमानगढ़ में मेडिकल कॉलेज का निर्माण 300 करोड़ की लागत से होगा। इसमें 60 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार व 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार वहन करेगी। पूर्व में मेडिकल कॉलेज निर्माण का शिलान्यास मुख्यमंत्री और चिकित्सा मंत्री की ओर से 2 अक्टूबर को वर्चुअली किए जाने का कार्यक्रम था। कॉलेज भवन का निर्माण एसपीजी कंपनी दिल्ली की ओर से किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज की शुरूआत 100 सीटों से होगी।

मेडिकल कॉलेज से यह होगा लाभ
मेडिकल कॉलेज का मुख्य भवन टाउन स्थित जिला अस्पताल होगा। श्रीगंगानगर-संगरिया बाइपास पर इस कॉलेज की अन्य शाखाएं होंगी। मेडिकल कॉलेज खुलने से शहर के नागरिकों को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही बेहतर इलाज के लिए बड़े शहरों के अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा। इससे धन व समय दोनों की बचत होगी। मेडिकल कॉलेज से हनुमानगढ़ को कई रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक भी मिलेंगे। वर्तमान में न्यूरो फीजिएशन व न्यूरो सर्जन नहीं होने के कारण दुर्घटना के जख्मी को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में रैफर किया जाता है। लेकिन हनुमानगढ़ में मेडिकल कॉलेज खुलने से इस तरह के रैफर केसों में काफी हद तक कमी आएगी। इसके अलावा हार्ट, ईएनटी, न्यूरो, ग्रेस्ट्रोलोजिस्ट इत्यादि चिकित्सकों की सेवाएं मिल सकेंगी।

Published on:
29 Sept 2021 10:31 pm
Also Read
View All