हनुमानगढ़. टाउन बस स्टैंड स्थित मण्णपुरम गोल्ड लोन फाइनेंस कंपनी की शाखा से लूटा गया तीन करोड़ रुपए का सोना तथा एक लाख रुपए की नकदी पुलिस ने बरामद कर ली है।
गोल्ड लोन शाखा से लूटा गया तीन करोड़ रुपए का सोना और नकदी बरामद
- हथियार भी जब्त, डकैती में अब तक सात जने गिरफ्तार
- गोल्ड लोन के नाम पर किया गया फर्जीवाड़ा छिपाने के लिए मण्णपुरम फाइनेंस कंपनी में लूट का मामला
हनुमानगढ़. टाउन बस स्टैंड स्थित मण्णपुरम गोल्ड लोन फाइनेंस कंपनी की शाखा से लूटा गया तीन करोड़ रुपए का सोना तथा एक लाख रुपए की नकदी पुलिस ने बरामद कर ली है। साथ ही दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किए गए हैं। अब तक इस प्रकरण में सात जनों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि वारदात को ग्यारह दिन बीतने के भीतर ही लूटे गए सोने तथा नकदी की लगभग बरामदगी की जा चुकी है।
पुलिस ने जिले के अब तक के इस सबसे बड़े लूट के प्रकरण का खुलासा करने से लेकर बरामदगी तक में बड़ी मुस्तैदी से काम किया है। क्योंकि लूट होने के पांच दिन के भीतर ही वारदात के मास्टर माइंड बैंक शाखा के सहायक मैनेजर सहित तीन जनों को गिरफ्तार कर लिया गया था। अब ग्यारहवें दिन ही लूटा गया सोना तथा नकदी भी बरामद कर ली गई है। जिला पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय सभागार में प्रेस वार्ता में उपरोक्त जानकारी देते हुए कहा कि इस प्रकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष विभागीय प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि लूट के इस मामले में 99 प्रतिशत तक बरामदगी हो चुकी है। प्रकरण की जांच केस ऑफिसर स्कीम में लेकर शीघ्रता से पूर्ण कर चालान पेश किया जाएगा। अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ उनको शीघ्रता से सजा दिलवाना भी जरूरी है ताकि पुलिस और कानून का इकबाल बुलंद रहे। प्रेस वार्ता में एएसपी जस्साराम बोस, डीएसपी प्रशान्त कौशिक तथा टाउन थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह मौजूद रहे। उधर, पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी संजय सिंह, मदन सोनी, डिप्टी उर्फ अनमोल, पवन व सोनू कुमार को रिमांड अवधि समाप्त होने पर कोर्ट में पेश कर रिमांड अवधि बढ़वाई है। जबकि भीमसैन व सुभाष रिमांड पर हैं।
4862 ग्राम सोना बरामद
एसपी प्रीति जैन ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर 4862 ग्राम सोने के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। इनमें सोने की चूड़ी, अंगूठी, बाजूबंद, हार, मंगलसूत्र, टॉप्स आदि शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपए है। इसके अलावा एक लाख 390 रुपए भी बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल एक देशी कट्टा, 6 कारतूस, एक एयरगन तथा बाइक भी जब्त कर ली गई है। फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरवी सोने में हेरफेर से लोन
एसपी ने बताया कि इस संबंध में ब्रांच मैनेजर भावना मेघवाल ने 6 किलो 136.87 ग्राम वजनी सोने के 290 पैकेट व 1 लाख 7951 रुपए लूटकर ले जाने का मामला अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराया था। आरोपियों से 4862 ग्राम सोने के आभूषण जब्त कर लिए गए हैं। जबकि 841 ग्राम सोना केवल फाइनेंस कंपनी के कागजों में ही था। क्योंकि मामले के मास्टर माइंड तथा सहायक मैनेजर ने गिरवी रखे गए सोने में से ही सोना अलग दर्शाकर लोगों की फर्जी आईडी व खाते बनाकर 841 ग्राम सोने के आभूषण गिरवी रखे बिना उसके मूल्य का लोन उठा लिया था। इस फर्जीवाड़े को छिपाने के लिए ही उसने लूट की साजिश रची थी। आरोपियों ने सोने के आभूषणों के करीब 350 ग्राम डोरे, चीड एवं स्टॉन आदि ब्लेड से काटकर जला देने की बात स्वीकारी है। इस संबंध में बेहरवाला खुर्द ऐलनाबाद हरियाणा से साक्ष्य भी संकलित किए जा चुके हैं।
अब तक यह गिरफ्तार
पुलिस ने डकैती के सूत्रधार मण्णपुरम गोल्ड लोन शाखा के पूर्व सहायक मैनेजर संजय सिंह (26) पुत्र सायरसिंह शेखावत निवासी जालपाली, श्रीमाधोपुर सीकर हाल जंक्शन, मदन सोनी (26 )पुत्र रामकिशन सोनी निवासी वार्ड 8, थेहड़ी नाथान, टाउन, डिप्टी उर्फ अनमोल (21) पुत्र हेतराम मेघवाल निवासी बेहरवाला खुर्द, ऐलनाबाद तथा डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले पवन (22) पुत्र सुभाष जाट निवासी चक ढाणी निरवाल रावतसर तथा सोनू कुमार (21) पुत्र खेताराम निवासी बेहरवाला कलां नहर के पास ढाणी पीएस तलवाड़ा झील को पूर्व में ही गिरफ्तार कर रिमांड मंजूर करवाया था। इस मामले में फरार चल रहे भीमसैन उर्फ भीम (21) पुत्र भागीराम मेघवाल तथा सुभाष (22) पुत्र रामकुमार जाट दोनों निवासी बेहरवाला खुर्द, ऐलनाबाद हरियाणा को भी अब गिरफ्तार कर लिया गया है। पवन व सोनू ने बैंक में जाकर डकैती की थी। जबकि भीमसैन घटना के समय मोटर साइकिल लेकर फाइनेंस कंपनी के नीचे खड़ा था। डकैती से पहले व बाद में आरोपियों के आपस में मिलने तथा जिन जगहों पर डकैती की योजना बनाई गई उन जगहों की तस्दीक कर ली गई है।
बरामदगी को विशेष प्रयास
आरोपियों की गिरफ्तारी व उनसे रिकवरी करने में पुलिस टीम ने निरंतर गहन जांच-पड़ताल की। इसमें हैड कांस्टेबल राजकुमार सिहाग, हैड कांस्टेबल नरेश बिश्नोई, हैड कांस्टेबल पुरुषोत्तम पचार तथा आसूचना अधिकारी कांस्टेबल राकेश रमाणा की मुख्य भूमिका रही। डीएसपी हनुमानगढ़ प्रशांत कौशिक तथा टाउन थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह के निर्देशन में टीम ने जांच-पड़ताल की।
सोपू गैंग से संबंध
एसपी प्रीति जैन ने बताया कि आरोपियों ने डकैती के लिए गैंग बनाई। उनमें से आरोपी पवन जाट का सोपू गैंग से संपर्क रहा है। इसके अलावा गिरफ्तार आरोपियों का पंजाब, हरियाणा व राजस्थान में सक्रिय अन्य गैंग से संबंधों की पड़ताल की जा रही है।
5 में ट्रेस, 11 में बरामदगी
गौरतलब है कि 15 मार्च दोपहर को दो अज्ञात जनों ने मण्णपुरम गोल्ड लोन शाखा में घुसकर बैंक कर्मचारियों पर पिस्तौल तान लूट की वारदात को अंजाम दिया। चार मिनट में वारदात को अंजाम देकर दोनों बदमाश बैंक से निकल गए। इस संबंध में 16 मार्च को मामला दर्ज कराया गया। टाउन पुलिस ने 20 मार्च को वारदात का खुलासा कर बैंक शाखा के पूर्व सहायक मैनेजर संजय सिंह सहित तीन जनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने कार्यकाल में रहते की गई गड़बड़ी दबाने के लिए लूट करवाई। उसने वारदात के दौरान अज्ञात आरोपियों को जीपीएस टै्रकर रखे सोने के पैकेज नहीं दिए। उनको छोड़कर शेष पैकेट दे दिए। इससे वह पुलिस के रडार में आ गया। पुलिस ने इलाके के होटल, धर्मशाला आदि खंगालकर आरोपियों को पकड़ा।