हनुमानगढ़

हनुमानगढ़ जिले में तीन बड़ी कार्रवाई : 50 करोड़ से अधिक की हेरोइन व 70 लाख की शराब बरामद, 8 आरोपी गिरफ्तार

हनुमानगढ़ जिले में नशा और अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने तीन बड़ी कार्रवाइयों में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई में करीब 50 करोड़ की हेरोइन, दूसरी कार्रवाई में करीब 10 लाख की हेरोइन और तीसरी कार्रवाई में 70 लाख की शराब बरामद हुई है।
2 min read
hanumangarh crime
Hanumangarh: पुलिस की गिरफ्त में तस्करी के आरोपी और जब्त हेरोइन। (फोटो-पत्रिका)

हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 करोड़ रुपए की हेरोइन और लगभग 70 लाख रुपए की अवैध शराब जब्त की है। अलग-अलग कार्रवाइयों में दो महिलाओं सहित छह लोगों को हेरोइन तस्करी और दो आरोपियों को शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने हेरोइन के साथ 1.85 लाख रुपए नकद भी जब्त किए हैं। हेरोइन की एक बड़ी खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए सीमा क्षेत्र में गिराए जाने की आशंका है, जिसे पंजाब पहुंचाने की तैयारी थी।

श्रीगंगानगर जिला पुलिस की डीएसटी और हनुमानगढ़ की गोलूवाला थाना पुलिस ने रविवार को गांव अयालकी के पास नहर किनारे घेराबंदी कर दो वाहनों की तलाशी ली। इस दौरान 19 पैकेट में रखी 9 किलो 821 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 50 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने 1 लाख 85 हजार रुपए नकद भी जब्त किए।

पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए गिराने की आशंका

गिरफ्तार आरोपियों में हासन अली (32), उसकी पत्नी रवीना (20), मां गुलजारा (50) और जालंधर निवासी बलविंदर सिंह शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि खेप को रायसिंहनगर सीमा क्षेत्र के आसपास पाकिस्तानी ड्रोन के जरिए गिराया गया था। इसके बाद इसे श्रीविजयनगर और गोलूवाला होते हुए पंजाब पहुंचाया जाना था। पुलिस खेप के स्रोत और संभावित खरीदारों की पड़ताल कर रही है।

10 लाख की हेरोइन के साथ गिरफ्तार महिलाएं (फोटो-पत्रिका)

दो महिलाओं से 51.37 ग्राम हेरोइन बरामद

एक अन्य कार्रवाई में जंक्शन थाना पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत पंजाब निवासी दो महिलाओं को 51.37 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है। आरोपियों की पहचान रीना रानी (26), निवासी फिरोजपुर, और सिमरजीत कौर (32), निवासी मुक्तसर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से चिट्टे की खरीद और सप्लाई के संबंध में पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में डीएसटी सेक्टर हनुमानगढ़ की विशेष भूमिका रही।

पुलिस की गिरफ्त में शराब तस्कर और पकड़ी गई शराब (फोटो-पत्रिका)

सब्जियों की आड़ में गुजरात जा रही थी शराब

हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने भारतमाला रोड पर नाकाबंदी के दौरान चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब से भरा कंटेनर जब्त किया। सब्जियों के कैरेट की आड़ में शराब गुजरात ले जाई जा रही थी। कंटेनर से 380 पेटी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने चालक विनोद कुमार (26), निवासी श्रीगंगानगर, और संजय उर्फ सज्जू (20), निवासी हनुमानगढ़, को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में हुई इन कार्रवाइयों के बाद पुलिस अब मादक पदार्थों और अवैध शराब की सप्लाई के नेटवर्क की जांच में जुटी है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य संभावित तस्करों और खेप के गंतव्य का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
18 Oct 2026 09:20 pm
Published on:
18 Oct 2026 09:14 pm
Also Read
View All
राजस्थान: कोई था इकलौता बेटा, तो किसी की 6 महीने पहले ही हुई थी शादी; एक साथ तीन अर्थियां उठने पर गांव में पसरा मातम

हनुमानगढ़ में बड़ा हादसा: दर्शन करने जा रहे एक ही परिवार के 3 युवकों को पिकअप ने कुचला, तीनों की मौके पर ही मौत

हनुमानगढ़ MLA गणेशराज बंसल पर एक और केस दर्ज, लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर हैरी बॉक्सर से धमकी दिलाने का आरोप

हनुमानगढ़: 3 साल बाद जब सामने आया बेटा तो छलके मां के आंसू, 2500 किमी का सफर तय कर सेवादारों ने कराया मिलन

हनुमानगढ़: अस्पताल के बाहर प्रसूता ने दिया बच्चे को जन्म, आक्रोशित लोगों ने चिकित्सा स्टॉफ भर्ती करने की उठाई मांग