-महिला दिवस पर हनुमानगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में नजर आई अजीब स्थितिहनुमानगढ़. महिला दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम रविवार को हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर हुआ। सीएम भजनलाल शर्मा, डीप्टी सीएम दीया कुमारी सहित अन्य भाजपा नेता कार्यक्रम में शामिल हुए। राज्य स्तरीय समारोह में काफी संख्या में महिलाएं शामिल हुई। इस दौरान मुख्य द्वार […]
-महिला दिवस पर हनुमानगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में नजर आई अजीब स्थिति
हनुमानगढ़. महिला दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम रविवार को हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर हुआ। सीएम भजनलाल शर्मा, डीप्टी सीएम दीया कुमारी सहित अन्य भाजपा नेता कार्यक्रम में शामिल हुए। राज्य स्तरीय समारोह में काफी संख्या में महिलाएं शामिल हुई। इस दौरान मुख्य द्वार पर सुरक्षाकर्मियों ने पहले महिलाओं की गहन तलाशी ली। इस दौरान काले रंग का दुपट्टा लगाकर आई कुछ युवतियों व महिलाओं के दुपट्टे सुरक्षाकर्मियों ने गेट पर ही रखवा लिए। कार्यक्रम स्थल पर लगे प्रवेश द्वार पर तैनात महिला सुरक्षाकर्मियों के आगे महिलाएं व युवतियां ऐसा नहीं करने को लेकर गुहार लगाती रही। लेकिन पुलिसकर्मियों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। इस वजह से प्रवेश स्थल पर काले दुपट्टों के ढ़ेर लग गए। काले रंग के कुछ शर्ट और लेडिज पर्स भी गेट पर रखे मिले। सीएम की सभा में भाग लेने के लिए जा रहे अखिल भारतीय किसान सभा के जिला महासचिव मंगेज चौधरी को पुलिस ने डिटेन उन्हें सभा में नहीं जाने दिया। सीएम जब मंच पर पहुंचे तो महिलाओं के सम्मान में बड़े बड़े भाषण दिए। शास्त्रों का जिक्र करते हुए महिलाओं की पूजा करने वाले स्थान पर ईश्वर का निवास होने की बात भी कही। लेकिन विडम्बना ही कहेंगे कि सीएम के सभा स्थल पर ही सुरक्षाकर्मी महिलाओं के दुपट्टे बाहर उतरवा रहे थे।
कार्यक्रम स्थल पहुंचने के दौरान अभिवादन के बाद सीएम भजनलाल शर्मा ने महिला उत्थान को लेकर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद महिलाओं के कल्याण को लेकर चलाई जा रही योजनाओं से संबंधित राशि उनके खातों में डीबीटी के माध्यम से जमा करवाई। समारोह के दौरान सीएम ने 1058 करोड़ की लागत से होने वाले विकास कार्यो का शिलान्यास व लाडो प्रोत्साहन योजना व उससे जुड़ी मार्गदर्शिका का विमोचन किया।
लाडो प्रोत्साहन, नारी शक्ति, बाल पोषण योजना आदि से संबंधित योजनाओं के चेक भी बांटे। सभा में सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार महिला उत्थान व किसान हित के कार्य लगातार कर रही है। लोगों के बीच जाकर हमारी सरकार उनकी समस्याओं को समझ रही है। लेकिन कुछ लोग ऐसे हैं, जिनका काम विरोध करना है। उन्हें बाहर की चाय की आदत हो गई है। कभी एसडीएम तो कभी एडीएम। ऐसे लोगों का इलाज सरकार के पास नहीं है। अस्पताल में ही उनको राहत मिल सकती है। सीएम ने ऐसे लोगों से बचने की सलाह दी। सीएम ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि प्रधान हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर जिले में महिलाएं जीतोड़ मेहनत करती हैं। खेतों में सुबह से शाम तक काम करती हैं। लेकिन कुछ जगह पुरुष खेतों की बजाय धरने पर चले जाते हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों जिलों को अन्न का कटोरा कहा जाता है। हमारी सरकार ने गेहूं पर 150 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने की घोषणा की है। लेकिन कुछ लोगों की आदत हो जाती है, कितना भी दे दो, वह विरोध ही करते रहते हैं।
कार्यक्रम में डीप्टी सीएम दीया कुमारी, महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री डॉ. मंजू बाघमार, प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा, हनुमानगढ़ विधायक गणेशराज बंसल, श्रीगंगानगर विधायक जयदीप बिहाणी, सादुलशहर विधायक गुरवीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, पूर्व मंत्री निहालचंद मेघवाल, डॉ. रामप्रताप, सुरेंद्रपाल सिंह टीटी, पूर्व विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी, अभिषेक मटोरिया, धर्मेंद्र मोची, भाजपा नेता अमित सहू, कैलाश मेघवाल आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम में सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का ख्ूाब बखान किया। इसी तरह राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु, पन्नाध्याय, कल्पना चावला, कर्नल सोफिया कुरैशी सहित अन्य क्षेत्र में उपलब्धियां अर्जित करने वाली महिलाओं का उल्लेख करते हुए उनसे प्रेरणा लेकर महिलाओं को काम करने की सीख दी। आईएएस परीक्षा में 460 वीं रैंक हासिल करने वाली हनुमानगढ़ टाउन की गरिमा शर्मा पुत्री पृथ्वीराज शर्मा का जिक्र करते हुए डीप्टी सीएम दीया कुमारी ने कहा कि ऐसी युवतियां समाज में मिसाल कायम करती है। उन्होंने गरिमा को बधाई देकर दूसरी युवतियों को भी प्रेरणा लेने की बात कही।