https://www.patrika.com/rajasthan-news/
हनुमानगढ़.
चिकित्सा विभाग की विभिन्न सेवाओं व योजनाओं से जुड़ी जानकारी अगर घर बैठे झट से मिल जाए तो क्या कहने। ऐसा विभाग की ओर से जारी टोल फ्री नम्बर से संभव हो सकता है। इन नम्बर पर फोन कर आमजन स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। यदि किसी योजना व सेवा से संबंधित शिकायत है तो वह भी दर्ज करवाई जा सकती है। मुख्यत: विभाग का टोल फ्री नम्बर 108 सर्वाधिक इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके माध्यम से आपातकाल में एम्बुलेंस व सहायता मुहैया करवाई जाती है।
चिकित्सा विभाग के आईईसी कॉर्डिनेटर मनीष शर्मा ने बताया कि अधिकांश नम्बर 24 घंटे क्रियाशील रहते हैं। फिर भी आपात नम्बर के अलावा अन्य नम्बर पर राष्ट्रीय अवकाश को छोड़कर फोन करें तो बेहतर रहेगा। सुबह दस बजे के बाद व रात आठ बजे से पहले फोन करना सही रहेगा। १०८ की तरह 104 नम्बर है। पहले यह केवल जननी एक्सप्रेस सेवा के लिए था। लेकिन अब इस नंबर पर कॉल कर जननी एक्सप्रेस एम्बुलेंस के साथ आपातकालिन सेवा का लाभ भी लिया जा सकता है। स्वास्थ्य सेवाओं व योजनाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। चिकित्सीय परामर्श भी दिया जाता है।
किस नम्बर पर क्या लाभ
नम्बर : 1800-180-6127
लाभ : इसके जरिए भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना संबंधी सारी जानकारी हासिल की जा सकती है।
नम्बर 1097
लाभ : इस नम्बर के जरिए अपनी पहचान बताए बगैर एचआईवी/एड्स की जानकारी कई भाषाओं में प्राप्त की जा सकती है।
नम्बर : 1800-116-666
लाभ : टीबी के प्रति जागरुकता, दवा लेने के तरीके आदि को लेकर यह नम्बर जारी किया गया है। इस पर सिर्फ मिस्ड कॉल देनी होती है।
नम्बर : 1800-301-017-01
लाभ : गर्भवती महिलाओं को इस नम्बर पर पंजीकरण कराना होता है। इसके बाद हर सप्ताह फोन आएगा तथा स्वास्थ्य संबंधी संदेश मिलेंगे।
नम्बर : 1800-301-01-702
लाभ : एक साल तक के बच्चों की मां व उनके परिजनों के लिए यह सेवा है। इस पर पंजीकरण के बाद हर सप्ताह फोन व संदेश से उपयोगी जानकारी दी जाती है।
नम्बर : 011-22901701
लाभ : इस नंबर पर मिस्ड कॉल देकर तम्बाकू छोडऩे, इलाज आदि से संबंधित जानकारी व सहायता प्राप्त की जा सकती है।
नम्बर : 1800-180-1104
लाभ : इस नम्बर से केन्द्रीय स्वास्थ्य सेवाओं व योजनाओं की जानकारी मुहैया कराई जाती है। साथ ही विभिन्न बीमारियों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
नम्बर : 1800-116-555
लाभ : इसके माध्यम से नसबंदी, परिवार कल्याण के स्थाई व अस्थाई साधन, प्रजनन स्वास्थ्य आदि के बारे में जानकारी ली जा सकती है।
नम्बर : 8764-835-254/55
लाभ : यदि आपको 104 एवं 108 के संबंध में किसी तरह की शिकायत है। या फिर आपातकाल में एम्बुलेंस सेवा मिलने में कोई परेशानी हुई है तो आप इन मोबाइल नम्बर पर 8764-835-254 व 8764-835-255 शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। यद्यपि यह नम्बर टोल फ्री नहीं है।