नोहर. नगरपालिका के वार्ड 36 व 37 के पार्षद पद के उप चुनाव की मतगणना बुधवार को रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुई। इसमें दोनों ही वार्ड के मतदाताओं ने दिवंगत पार्षदों के पुत्रों को चुनते हुए जीत दिलाई।
नोहर नगरपालिका पार्षद उप चुनाव में दोनों ही वार्ड में दिवंगत पार्षदों के पुत्र विजयी
- वार्ड 36 से कांग्रेस तो वार्ड 37 में निर्दलीय प्रत्याशी जीते
नोहर. नगरपालिका के वार्ड 36 व 37 के पार्षद पद के उप चुनाव की मतगणना बुधवार को रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुई। इसमें दोनों ही वार्ड के मतदाताओं ने दिवंगत पार्षदों के पुत्रों को चुनते हुए जीत दिलाई। उप चुनाव में वार्ड 36 से दिवंगत कांग्रेस पार्षद ओमप्रकाश सोनी के पुत्र कांग्रेस प्रत्याशी अमित सोनी ने अपने प्रतिद्वंदी निर्दलीय प्रत्याशी सुजीत सिंह पर 143 मतों से जीत हासिल की। कांग्रेस प्रत्याशी अमित सोनी को 377, निर्दलीय सुजीत सिंह को 234 व नोटा को 7 वोट मिले। वार्ड 37 में दिवंगत पार्षद निर्दलीय पार्षद नूर मोहम्मद के पुत्र निर्दलीय शौकीन खान ने कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद फारूक को 112 मतों से हराया। निर्दलीय शौकीन खान को 296, कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद फारूक को 184 व नोटा को 4 वोट मिले। सुबह 8 बजे शुरू हुई तीन राउंड की मतगणना करीब घंटे भर में ही पूरी हो गई।
निर्वाचन अधिकारी एसडीएम श्वेता कोचर ने नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर सहायक निर्वाचन अधिकारी हरिकिशन मीणा, थाना प्रभारी रविन्द्रसिंह नरूका व मदगणना कार्मिक मौजूद रहे। मतगणना स्थल के आगे अवरोधक लगाकर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। नव निर्वाचित पार्षदों ने अपने समर्थकों के साथ विजय जुलूस निकालकर खुशी मनाई। दोनों वार्ड में जीत का आकलन किया जाए तो करीब 6 महीने पहले हुए नगरपालिका चुनाव के दौरान वार्ड 36 में कांग्रेस प्रत्याशी दिवंगत ओमप्रकाश सोनी ने 260 वोट से जीत हासिल की थी जो अब घटकर 143 पर आ गई। इसी प्रकार वार्ड 37 से निर्दलीय प्रत्याशी दिवंगत नूर मोहम्मद ने 54 वोट से जीत हासिल की थी जो अब बढ़कर 112 तक पहुंच गई।