हनुमानगढ़

सिंचाई पानी की पर्ची के नामांतरण के लिए घूस लेते सिंचाई पटवारी व दलाल गिरफ्तार

नोहर. पानी की बारी का नामांतरण करने के लिए 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते मंगलवार को सिंचाई पटवारी एवं दलाल को एसीबी की टीम ने गिरफ्तार किया। सिंचाई पटवारी ने शातिराना अंदाज में रिश्वत की राशि दलाल होटल संचालक को दिलाई।

2 min read
सिंचाई पानी की पर्ची के नामांतरण के लिए घूस लेते सिंचाई पटवारी व दलाल गिरफ्तार

सिंचाई पानी की पर्ची के नामांतरण के लिए घूस लेते सिंचाई पटवारी व दलाल गिरफ्तार
- होटल में मंगवाई 15 हजार रुपए की रिश्वत
- हनुमानगढ़ की नोहर तहसील के गांव परलीका के होटल पर एसीबी की कार्रवाई
नोहर. पानी की बारी का नामांतरण करने के लिए 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते मंगलवार को सिंचाई पटवारी एवं दलाल को एसीबी की टीम ने गिरफ्तार किया। सिंचाई पटवारी ने शातिराना अंदाज में रिश्वत की राशि दलाल होटल संचालक को दिलाई। बाद में राशि लेने के लिए जब होटल पहुंचा तो एसीबी ने उसे दबोच लिया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो हनुमानगढ़ के निरीक्षक सुभाषचन्द्र ढिल ने बताया कि परलीका के पास 19 एनटीआर निवासी परिवादी देवीलाल पुत्र इंद्राज बेनीवाल ने सिंचाई पानी की बारी की पर्ची का नामांतरण कराने के लिए जल संसाधन खंड भादरा में सिंचाई पटवारी के पद पर कार्यरत विनोद कुमार सुडा पुत्र रामलाल मेघवाल निवासी गांव खाराखेड़ा, टिब्बी से संपर्क किया। इसकेलिए आरोपी सिंचाई पटवारी ने परिवादी से 20 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। इस पर परिवादी ने एसीबी की हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत पंजीबद्ध करवा दी। हनुमानगढ़ ब्यूरो की टीम ने परिवादी किसान देवीलाल बेनीवाल से सोमवार को शिकायत का सत्यापन करवाया। इसमें सिंचाई पटवारी विनोद कुमार ने 15 हजार रुपए में नामांतरण कार्य करने का सौदा तय किया। मंगलवार दोपहर को करीब 12 बजे परिवादी किसान देवीलाल रिश्वत की राशि 15 हजार रुपए लेकर पटवारी के बताए गए परलीका के दिव्या स्वामी वैष्णो होटल पहुंचा। वहां होटल मालिक गोविंदराम स्वामी ने रिश्वत की राशि लेकर प्लास्टिक के बैग में छिपा दी। ब्यूरो की टीम ने इशारा पाते ही होटल पर छापेमारी कर रिश्वत की राशि बरामद कर होटल संचालक गोविंदराम को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। थोड़ी ही देर बाद रिश्वत की राशि लेने सिंचाई पटवारी विनोद सुडा भी वहां पहुंचा तो एसीबी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो की टीम दोनों को नोहर पुलिस थाने लाकर कार्रवाई पूरी की। ब्यूरो के एएसपी तेजपाल सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में जगदीशराय, राजेश कुमार, वरूण कुमार, विनय विशाल, ओमप्रकाश सोनी आदि शामिल रहे। [नसं.]

Published on:
13 Apr 2021 09:54 pm
Also Read
View All