हनुमानगढ़

जानिए, हनुमानगढ़ जिले में रीट परीक्षार्थियों के लिए कैसी रहेगी नि:शुल्क परिवहन व्यवस्था

हनुमानगढ़. रीट को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग और रोडवेज ने जिले में बसों की माकूल व्यवस्था की है। जिले से बाहर अन्य जिलों में जो शनिवार को परीक्षा देने जाएंगे, उनके लिए जंक्शन बस स्टैंड, नोहर और भादरा बस स्टैंड पर बसों की व्यवस्था की गई है। यह बसें जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, अलवर, बीकानेर इत्यादि जगहों के लिए सुबह पांच बजे से रात तक निर्धारित तीन स्थानों से विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार रवाना होगी।

4 min read
जानिए, हनुमानगढ़ जिले में रीट परीक्षार्थियों के लिए कैसी रहेगी नि:शुल्क परिवहन व्यवस्था

जानिए, हनुमानगढ़ जिले में रीट परीक्षार्थियों के लिए कैसी रहेगी नि:शुल्क परिवहन व्यवस्था
- दो दिन तक आमजन को नहीं मिलेंगी जंक्शन बस स्टैंड से बसें
हनुमानगढ़. रीट को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग और रोडवेज ने जिले में बसों की माकूल व्यवस्था की है। जिले से बाहर अन्य जिलों में जो शनिवार को परीक्षा देने जाएंगे, उनके लिए जंक्शन बस स्टैंड, नोहर और भादरा बस स्टैंड पर बसों की व्यवस्था की गई है। यह बसें जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, अलवर, बीकानेर इत्यादि जगहों के लिए सुबह पांच बजे से रात तक निर्धारित तीन स्थानों से विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार रवाना होगी।
जिला परिवहन अधिकारी जगदीश अमरावत ने बताया कि जिले से बाहर करीब 17 हजार विद्यार्थी जयपुर, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, बीकानेर इत्यादि जिलों में परीक्षा देने जाएंगे। अन्य जिलों से हनुमानगढ़ आने वाले 3572 और जिले के भीतर एक ब्लॉक से दूसरे ब्लॉक में करीब 51 हजार 483 विद्यार्थियों का रविवार को मूवमेंट होगा। इसको लेकर सभी ब्लॉक मुख्यालय के बस स्टैंड पर अन्य ब्लॉक मुख्यालय को जाने के लिए रोडवेज और परिवहन विभाग की ओर से बसों की व्यवस्था की गई है। यह बसें शाम को पेपर खत्म होने के बाद संबंधित ब्लॉक मुख्यालय के लिए वापस रवाना हो जाएगी। इसी दिन शाम और रात को हनुमानगढ़ जिले से बाहर अन्य जिलों में जाने वाले विद्यार्थियों के लिए बसों की व्यवस्था केवल जंक्शन बस स्टैंड से रहेगी। चूंकि हनुमानगढ़ जिले में अन्य जिलों से आनेे वाले 3572 परीक्षार्थी बीकानेर, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, पाली, जयपुर इत्यादि जिलों से आ रहे हैं, लिहाजा इन्हीं जिलों के लिए पर्याप्त संख्या में बसों की व्यवस्था जंक्शन बस स्टैंड पर की जाएगी।
आखिरी दिन यह रहेगा प्रबंध
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि चूंकि हनुमानगढ़ जिले में अन्य जिलों से आनेे वाले 3572 परीक्षार्थी बीकानेर, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, पाली, जयपुर इत्यादि जिलों से आ रहे हैं। इसलिए इन जिलों के लिए पर्याप्त संख्या में बसों की व्यवस्था 27 सितम्बर को भी सुबह 5 बजे से जंक्शन बस स्टैंड पर की गई है। जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि 25 और 26 सितम्बर को जंक्शन बस स्टैंड को केवल रीट परीक्षा संबंधी बसों की रवानगी के लिए आरक्षित किया गया है। स्थानीय लोग जिला मुख्यालय से अन्य स्थानों पर जाने के लिए टाउन बस स्टैंड और जंक्शन में भगत सिंह चौक सेे या अन्य स्थानों से बसों में बैठ सकेंगे।
क्या रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था
यातायात थाना प्रभारी अनिल कुमार चिंदा ने बताया कि जिला मुख्यालय पर ट्रैफिक कंट्रोल को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। शनिवार-रविवार को जिला मुख्यालय पर तूड़ी के ट्रोले नहीं आ सकेंगे। जंक्शन में भगतसिंह चौक से रेलवे स्टेशन तक गाडिय़ां खड़ी नहीं कर सकेंगे। भगतसिंह चौक से बस स्टैंड तक रेहडिय़ां नहीं लग पाएंगी। भगतसिंह चौक से संगरिया रोड पर भी रेहडिय़ों को रोड पर नहीं लगने दिया जाएगा। टाउन मेें भारत माता चौक से पूल तक और जंक्शन में राजीव चौक से श्रीगंगानगर फाटक तक, चूना फाटक, सतीपुरा फाटक इत्यादि ट्रैफिक जाम वाली जगहों को चिन्हित करते हुए वहां सुगम ट्रैफिक को लेकर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल लगाया जाएगा। दस अतिरिक्त मोबाइल ट्रैफिक नियंत्रण टीमों का गठन किया गया है। तीन अतिरिक्त अस्थाई बस स्टैंड (राजीव गांधी स्टेडियम जंक्शन, जिला कलक्टर कार्यालय के सामने तथा साहवा रोड नोहर में बनाए गए हैं। इसके लिए प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय पर एक-एक प्रभारी इंस्पेक्टर लगाया गया है।
दिक्कत हो तो यहां करें फोन
रीट के सफल आयोजन को लेकर पांच कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। इनमें जिला कलक्ट्रेट कार्यालय कंट्रोल रूम नम्बर 01552-260299, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय नम्बर 01552-261193, जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय नम्बर 6375103784 तथा एनएम पीजी कॉलेज कंट्रोल रूम नंबर 01552-222063 है। अवांछनीय गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों, गैंग या कोचिंग सेंटरों की ओर से सम्पर्क करने पर उसकी गोपनीय सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 01552-261105, मोबाइल नंबर 9530432468 पर अथवा ओसीआर के दूरभाष नम्बर 01552-260003, 266104 पर सूचना दी जा सकती है।
क्या रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
एसपी प्रीति जैन ने बताया कि जिले के 102 परीक्षा केन्द्रों पर दो पुलिस कांस्टेबल, दो होमगार्ड के जवान और दो महिला कार्मिक लगाई जाएंगी ताकि कोई भी परीक्षार्थी अवांछनीय सामग्री परीक्षा केन्द्र में नहीं ले जा सके। जिले के सभी एसएचओ, उपाधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर सभी स्तर पर पुलिस व्यवस्था के लिए कार्मिकों की उपलब्धता का आकलन किया जा चुका है।
आवास, भोजन व्यवस्था
एडीएम रामरतन सौंकरिया और डीएसओ राकेश न्यौल अब तक इंदिरा रसोई, मां अन्नपूर्णा रसोई, मंदिर एवं गुरुद्वारा समितियों, होटल, धर्मशालाओं के प्रबंधकों के साथ विस्तृत बैठक कर चुके हैं। जिला मुख्यालय पर करीब दो दर्जन से ज्यादा विभिन्न सामाजिक संस्था/व्यक्तियों ने अभ्यर्थियों के ठहरने और भोजन, चाय, नाश्ते की नि:शुल्क व्यवस्था की है। इसके अलावा सभी ब्लॉक मुख्यालय पर भी आवास एवं खाने की निशुल्क व्यवस्था की गई है।
यूं रहेगी चिकित्सा व्यवस्था
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि रविवार को जिले के समस्त चिकित्सा संस्थान 24 घंटे खुले रहेंगे। परिवहन मार्ग के आसपास वाले चिकित्सा संस्थान पर दक्ष मानव संसाधन, प्राथमिक उपचार के लिए आवश्यक संसाधन एवं समस्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सैनेटाइजर एवं कोविड-19 की गाइडलाइन की पालना करते हुए आवश्यक इमरजेंसी किट की व्यवस्था की जाएगी। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर स्वास्थ्य कर्मियों की ओर से थर्मल स्कैनिंग की जाएगी। प्रत्येक केन्द्र पर सैनेटाइजर एवं अतिरिक्त मास्क की व्यवस्था की गई है।
क्या प्रश्न पत्र व्यवस्था
प्रश्न पत्र ट्रेजरी के डबल लॉक में कड़ी सुरक्षा में रखवाए गए हैं। प्रश्न पत्रों की निगरानी के लिए वीडियोग्राफी व सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। ब्लॉक स्तरीय समितियों का गठन हो चुका है। शनिवार को प्रश्न पत्र ब्लॉक नोहर पर पहुंचाने के लिए टीम का गठन किया गया है। परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्न पत्र पहुंचाने के लिए पेपर को-ऑर्डिनेटरों की नियुक्ति की गई है। परीक्षा सामग्री को ब्लॉक मुख्यालयों एवं परीक्षा केन्द्रों तक पहुंचाने के लिए जिला परिवहन अधिकारी की ओर से एक बस एवं 60 बंद वाहनों की व्यवस्था की गई है।
सभी परीक्षा केन्द्रों की होगी वीडियोग्राफी
जिले के समस्त 102 परीक्षा केन्द्रों, प्रश्न पत्र वितरण केन्द्रों तथा संग्रहण केन्द्रों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इसके लिए 102 वीडियोग्राफर मय कैमरा की व्यवस्था की गई है ताकि कड़ी नजर रखी जा सके। परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी ना हो सके।
रीट परीक्षा : एक नजर
पहली पारी में : 102 परीक्षा केन्द्र।
देंगे परीक्षा : 29229 अभ्यर्थी।
समय रहेगा : सुबह 10 से दोपहर 12:30 तक
दूसरी पारी में : 91 परीक्षा केन्द्र।
परीक्षा में शामिल होंगे : 25826 अभ्यर्थी।
समय रहेगा : दोपहर 2:30 से शाम 5 बजे।
दोनों पारियों में कुल : 55055 अभ्यर्थी।
परीक्षा में कितने वीक्षक : 3000 के करीब।
परीक्षा केन्द्र जांचेंगे : 29 उडऩ दस्ते।
रखी जा रही कड़ी निगाह
रीट को सफलतापूर्वक करवाने के लिए निरंतर आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। नकल या अन्य आवंछनीय गतिविधियों को रोकने के लिए 29 उडऩदस्तों की व्यवस्था की गई है। परीक्षार्थियों के लिए सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से आवास और भोजन की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। परिवहन और ट्रैफिक को लेकर भी उचित प्रबंध किया गया है। अगर आमजन को कहीं किसी अवांछनीय गतिविधि की सूचना हो तो नियंत्रण कक्ष, पुलिस या जिला प्रशासन को तत्काल सूचना देवे। - नथमल डिडेल, जिला कलक्टर।

Published on:
24 Sept 2021 09:41 pm
Also Read
View All