https://www.patrika.com/hanumangarh-news/ हनुमानगढ़. जिला परिषद की बुधवार को हुई साधारण सभा की बैठक काफी हंगामेदार रही। जिला परिषद सदस्यों ने अफसरों की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर की। आरोप लगाया कि अफसर बैठकों में उठाए जाने वाली समस्याओं का निस्तारण करने को लेकर गंभीर नहीं हैं। इसलिए गांवों के हालात नहीं सुधर रहे। जिप सदस्य प्रवीणा मेघवाल ने बरसाती पानी की निकासी नहीं होने की समस्या रखी।
....जानिए विधायक ने अफसरों को क्यों सुनाई बिच्छू और साधु की कहानी
-हंगामेदार रही हनुमानगढ़ जिला परिषद की बैठक में विधायक विनोद कुमार ने पक्ष व विपक्ष के मुद्दे को भुलाकर ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देने की कही बात, सदस्यों ने रखीे समस्याएं, अधिकारियों की कार्यशैली पर जताई नाराजगी
हनुमानगढ़. जिला परिषद की बुधवार को हुई साधारण सभा की बैठक काफी हंगामेदार रही। जिला परिषद सदस्यों ने अफसरों की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर की। आरोप लगाया कि अफसर बैठकों में उठाए जाने वाली समस्याओं का निस्तारण करने को लेकर गंभीर नहीं हैं। इसलिए गांवों के हालात नहीं सुधर रहे। जिप सदस्य प्रवीणा मेघवाल ने बरसाती पानी की निकासी नहीं होने की समस्या रखी। उन्होंने कहा कि सड़क का लेवल ऊंचा रखने के कारण गांव के डूबने की नौबत आ जाती है। बैठकों में इस समस्या को रखा, लेकिन समाधान नहीं हुआ। जिला परिषद सदस्य पवन कुमार ने पल्लू क्षेत्र में कृषि क्षेत्र कनेक्शन जारी नहीं होने की समस्या रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि रिश्वत देने वालों के कनेक्शन जारी हो रहे हैं। जबकि जिस किसान के पास घूस देने को पैसा नहीं है, उसे डेढ़ वर्ष बाद भी कनेक्शन जारी नहीं हुआ। हनुमानगढ़ विधायक चौधरी विनोद कुमार ने मध्यस्थता करते हुए कहा कि वरीयता का निर्धारण कर सरकार कनेक्शन जारी कर रही है। डिस्कॉम के अधिकारियों ने कहा कि वरीयता तोड़कर कनेक्शन जारी करने का मामला कहीं आया है तो आप रसीद और अन्य साक्ष्य प्रस्तुत करें। जरूर कार्रवाई होगी। एसई एमआर बिश्नोई ने कहा कि आप चार वर्ष पहले की रसीद लेकर आओ, कल ही कनेक्शन करवा देता हूं। जिप सदस्य पवन कुमार ने धन्नासर में पुलिस में दर्ज एक मामले में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया। इस पर एसपी प्रीति जैन ने जिप सदस्य से सवाल करते हुए पूछा कि लव जिहाद किसे कहते हैं? जिप सदस्य ने अपने हिसाब से इसका मतलब भी बताया। एसपी ने साफ शब्दों में कहा कि नियमानुसार इसमें कार्रवाई की जा रही है। जो भी माहौल बिगाडऩे का प्रयास करेगा, उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। एसपी ने कहा कि पुलिस के साथ जनप्रतिनिधियों का दायित्व भी बनता है कि वह अपने गांव में माहौल नहीं बिगडऩे दें। उप जिला प्रमुख मुकेश कुमार सहारण ने भी घरों के ऊपर से गुजर रही बिजली की हेवी लाइनों को शिफ्ट करने की मांग की। उन्होंने भी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि हर बैठक में अधिकारी सिर हिला देते हैं लेकिन काम नहीं करते। उन्होंने कहा कि मेरे कार्यकाल में दो बार बैठकों में इस समस्या को रख चुका हूं। अफसरों से सवाल करते हुए कहा कि आप लोग बताओ दिक्कत कहां आ रही है, विधायक जी हमारे पास बैठे हैं। पीएम आवास योजना में पात्र लोगों का नाम काटने की समस्या भी सदस्यों ने रखी। नोहर प्रधान सोहन ढिल ने कहा कि इस समस्या का समाधान निकालना जरूरी है। जिला परिषद सीईओ अशोक असीजा ने कहा कि आगामी ग्राम सभाओं में इस पर चर्चा कर प्रस्ताव भिजवाया जा सकता है। बैठक के दौरान विधायक विनोद कुमार ने बिच्छू और साधु की कहानी भी सुनाई। इस कहानी के मार्फत उन्होंने अफसरों और जनप्रतिनिधियों को नेक कर्म करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अच्छा काम करने पर सामने वाला घर जाकर सो जाता है। जिसका काम नहीं होता, वह छाती पर आकर बैठ जाता है। साथ ही कहा कि पक्ष-प्रतिपक्ष कुछ नहीं होता। जब हमें जिम्मेदारी मिलती है तो समान रूप से काम करना चाहिए। अफसरों और जनप्रतिनिधियों को यह सोच लेना चाहिए कि अच्छा काम करने पर शाबाशी नहीं मिलेगी। उन्हें फल की चिंता किए बगैर अच्छा कर्म करते रहने की सीख दी। इससे गांवों में विकास का अच्छा माहौल बनेगा। चारों तरफ खुशहाली आएगी। बैठक में जिला प्रमुख कविता मेघवाल, कलक्टर नथमल डिडेल, पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़, जिला परिषद सदस्य दीपचंद, अमनदीप सिंह, दल्लूराम, विजय सिंह, राम सिंह, चंद्रकला, राजबाला, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन गुरनाम सिंह, जल संसाधन विभाग के एक्सईएन रामहंस सैनी, सुरेश सुथार, सहकारिता विभाग के उप रजिस्ट्रार अमीलाल सहारण, डीएफओ करण सिंह, पीआरओ सुरेश बिश्नोई, श्रम कल्याण अधिकारी अमरचंद लहरी, डीएसओ राकेश न्यौल, जिला परिषद कार्मिक श्यामसुंदर मूंड, मुकेश मीणा आदि मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा का पोर्टल खोलने की मांग भी सदस्यों ने की। इस पर विधायक चौधरी विनोद कुमार ने चुटीले अंदाज में कहा कि जिस समय सर्वे हुए थे, उस समय खाते पीते लोगों ने चाय-पानी पिलाकर नाम जुड़वा लिए। जबकि पात्र लोग वंचित रह गए। उन्होंने इस बारे में सरकार को अवगत करवाने की बात कही। इस मौके पर सड़कों के विकास के लिए जिले भर से प्रधानमंत्री सड़क योजना के प्रस्ताव लिए गए। वन विभाग के अधिकारियों की ओर से घर-घर औषधि योजना की जानकारी दी गई। कुछ जनप्रतिनिधियों ने खाले पक्के करने की समस्या भी रखी।
....जिप बैठक में खास...
-विधायक चौधरी विनोद सुबह ११.०८ बजे ही बैठक में शामिल होने के लिए पहुंच गए। तब तक सभी अधिकारी भी नहीं आए थे। पूरी बैठक में एकमात्र विधायक की मौजूदगी रही।
-जिला प्रमुख कविता मेघवाल व जिप सदस्य प्रवीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि करीब आधे घंटे की देरी से सुबह ११.३८ बजे सभागार में पहुंचे। कोरम पूरा होने पर बैठक की कार्रवाई शुरू हुई।
-जिला पुलिस अधीक्षक १२.५० बजे बैठक में शामिल हुईं।
-बैठक की अध्यक्षता कर रहीं जिला प्रमुख कविता मेघवाल ने दोपहर १५.३५ बजे बैठक समाप्त करने की घोषणा की।
-नहर किनारे जमा हो रहे फैक्ट्रियों के प्रदूषित पानी की समस्या को लेकर जिला परिषद सदस्य मनीष मक्कासर वर्तमान कलक्टर की कार्यशैली से संतुष्ट नजर नहीं आए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई तो तीन-चार वर्ष पहले कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित के समय हुई थी। उस समय प्रदूषण फैला रही फैक्ट्री का बिजली कनेक्शन काट दिया गया था। लेकिन अब तो खानापूर्ति की जा रही है।
-विधायक चौधरी विनोद कुमार ने अफसरों की कार्यशैली का जिक्र करते हुए कहा कि जब यहां पर रामनिवास जाट को सीईओ लगाया गया तो सब हाहो करने लगे। उन्होंने वर्तमान जिला परिषद सीईओ अशोक असीजा को जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों की मंशा के अनुरूप गांवों में विकास कार्य करवाने के प्रस्तावों को तवज्जो देने की बात कही।
-जोधपुर डिस्कॉम के एसई एमआर बिश्नोई ने कहा कि पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को जल्द सौभाग्य योजना के तहत बिजली कनेक्शन जारी किए जाएंगे। बिजली बिलों में दी जा रही छूट की जानकारी भी उन्होंने सदस्यों को दी।
-जिप सदस्यों ने कृषि कनेक्शन की एवज में जोधपुर डिस्कॉम की ओर से राशि जमा करवाने तथा लंबे समय बाद भी कनेक्शन जारी नहीं करने की समस्या रखी। सदस्यों ने कहा कि आगे से डिस्कॉम तभी राशि जमा करवाए, जब उसके पास कनेक्शन जारी करने को लेकर सारा सामान उपलब्ध हो जाए।