हनुमानगढ़

कृषि पर्यवेक्षक सीधी भर्ती परीक्षा: हनुमानगढ़ जिले में परिणाम जारी होने से पहले ही चयन की दौर से बाहर हुए 1045 अभ्यर्थी

हनुमानगढ़: परीक्षा केंद्र के बाहर अभ्यर्थी की तलाशी लेते।
हनुमानगढ़: परीक्षा केंद्र के बाहर अभ्यर्थी की तलाशी लेते।

हनुमानगढ़. जिले में कृषि पर्यवेक्षक सीधी भर्ती परीक्षा शनिवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं, जिनका असर पूरे आयोजन में साफ तौर पर देखने को मिला। जिले में कुल 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जिले को कुल 9024 अभ्यर्थी आवंटित किए गए थे। इनमें से 7979 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1045 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थी परीक्षा परिणाम जारी होने से पहले ही चयन की दौड़ से बाहर हो गए।
परीक्षा में उपस्थिति का प्रतिशत 88.28 रहा, जिसे संतोषजनक माना जा रहा है। परीक्षा के दौरान जिले के किसी भी केंद्र से नकल या गड़बड़ी की कोई शिकायत सामने नहीं आई, जिससे प्रशासन और परीक्षा आयोजन से जुड़े अधिकारियों ने राहत की सांस ली। परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू हुई और समयानुसार ही समाप्त हुई। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रत्येक केंद्र पर पुलिस जाब्ता तैनात रहा, वहीं नकलरोधी दस्ता लगातार निगरानी करता रहा।

अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश देने से पहले बायोमेट्रिक सत्यापन किया गया। इसके साथ ही केंद्र के बाहर अभ्यर्थियों की गहन तलाशी भी ली गई, ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित सामग्री परीक्षा कक्ष तक न पहुंच सके। परीक्षा आयोजन के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना भी की गई थी। इस कंट्रोल रूम के माध्यम से अभ्यर्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया। परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखा गया, जिससे अभ्यर्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। परीक्षा का आयोजन राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से किया गया था। बोर्ड की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया गया। परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों और प्रशासन दोनों ने राहत महसूस की। जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई है। अब अभ्यर्थियों को परिणाम का इंतजार रहेगा, जिसके आधार पर आगे की चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Updated on:
18 Apr 2026 01:48 pm
Published on:
18 Apr 2026 01:48 pm
Also Read
View All